पहले हथियार दिए, अब आतंकवादी बता रहे... दुनिया के सामने पाकिस्तान हुआ बेनकाब, PoK में विरोध प्रदर्शन तेज

PoK Protests: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार जारी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शन का यह 24वां दिन है. रावलकोट के ईदगाह मैदान में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं.

Anti-government protests continue in PoK for the 24th day over 80000 people gather in Rawalakot
Image Source: Social Media

PoK Protests: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार जारी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शन का यह 24वां दिन है. रावलकोट के ईदगाह मैदान में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन में 80 हजार से ज्यादा लोग शामिल हैं. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए और सरकार उनकी बात सुने.

JAAC नेता ने लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन के दौरान ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के नेता सरदार अमान खान ने पाकिस्तान की सेना पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि अतीत में पाकिस्तान की सेना ने कुछ कश्मीरियों को हथियार दिए थे, लेकिन अब उन्हीं लोगों को आतंकवादी कहा जा रहा है.

जैश-ए-मोहम्मद के कार्यक्रम का किया जिक्र

सरदार अमान खान ने अपने संबोधन में पिछले साल फरवरी में हुए एक कार्यक्रम का भी जिक्र किया. उनका दावा था कि उस दौरान जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हथियारबंद लोग AK-47 और अन्य हथियारों के साथ रैली में शामिल हुए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय रावलकोट प्रशासन ने इस कार्यक्रम की अनुमति दी थी और सुरक्षा व्यवस्था भी उपलब्ध कराई थी.

प्रदर्शन में उठे कई सवाल

सभा को संबोधित करते हुए सरदार अमान खान ने कहा कि जो लोग आज प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें आतंकवादी कहना गलत है. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले हथियारबंद रैलियों की अनुमति देने वाले अधिकारी अब शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों पर सवाल उठा रहे हैं. हालांकि, इन आरोपों पर पाकिस्तान सरकार या सेना की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

ये भी पढ़ें- इजरायल का खौफ या... पिता के अंतिम विदाई में नहीं दिखेंगे सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई, जानें कारण