होर्मुज के पास एक और जहाज पर हमला, 20 भारतीय नाविक थे सवार, तीन दिन में तीसरी घटना, देखें Video

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ओमान के तट के पास एक और वाणिज्यिक जहाज पर हमला होने की खबर सामने आई है.

Another ship attacked near Hormuz 20 Indian sailors on board
Image Source: Social Media

मस्कट: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ओमान के तट के पास एक और वाणिज्यिक जहाज पर हमला होने की खबर सामने आई है. गुरुवार को शिनास पोर्ट के नजदीक संचालित जहाज MT Jalveer को निशाना बनाया गया. जहाज पर 20 भारतीय नाविक तैनात हैं. घटना के बाद सामने आए वीडियो में जहाज से धुआं उठता दिखाई दे रहा है.

ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर रहा है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, जहाज पर मौजूद सभी भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं.

इंजन रूम और चिमनी में लगी आग

हमले के कारण जहाज के इंजन रूम और चिमनी वाले हिस्से में आग लगने की सूचना मिली है. हालांकि, किसी भारतीय नाविक के घायल होने की खबर नहीं है. अधिकारियों द्वारा स्थिति का आकलन किया जा रहा है और सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता दी जा रही है.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हमले के पीछे कौन जिम्मेदार है. हालांकि क्षेत्र में जारी सैन्य तनाव के बीच यह घटना समुद्री सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर रही है.

तीन दिनों में तीसरा हमला

पिछले तीन दिनों के दौरान भारतीय नाविकों से जुड़े वाणिज्यिक जहाजों पर यह तीसरी बड़ी घटना है. इससे पहले भी दो जहाजों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. अमेरिकी अधिकारियों ने पूर्व की कुछ सैन्य कार्रवाइयों की जिम्मेदारी स्वीकार की थी, लेकिन ताजा हमले को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है.

'सेटेबेलो' हमले में तीन भारतीयों की मौत

इससे पहले ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत ‘सेटेबेलो’ पर हुए हमले में भारतीय चालक दल के सदस्य प्रभावित हुए थे. विदेश मंत्रालय के अनुसार, जहाज पर मौजूद 24 भारतीयों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन भारतीयों को मृत घोषित किया गया.

विदेश मंत्रालय ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और खोज एवं बचाव अभियान पर नजर रखे हुए है.

भारत ने जताई चिंता, शांति की अपील

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि क्षेत्र में लगातार हो रहे जहाजों पर हमले बेहद चिंताजनक हैं और ये मौजूदा संघर्ष का सीधा परिणाम हैं. भारत ने सभी पक्षों से तनाव कम करने तथा कूटनीतिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की है.

सरकार का कहना है कि समुद्री व्यापार और अंतरराष्ट्रीय नौवहन को सुरक्षित रखना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाने की घटनाओं को तुरंत रोका जाना चाहिए.

पहले भी बचाए गए थे 24 भारतीय नाविक

सोमवार को पालाऊ ध्वज वाले जहाज MT Marivex में आग लगने की घटना के बाद उस पर सवार सभी 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था. यह घटना होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी हिस्से में हुई थी.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया था कि जहाज तकनीकी रूप से निष्क्रिय हो गया था और ओमान सरकार के सहयोग से सभी भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया. भारत ने इस सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार भी व्यक्त किया था.

बढ़ता तनाव और मानवीय संकट

विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ रहे संघर्ष को लेकर चिंता व्यक्त की है. मंत्रालय के अनुसार, लंबे समय से जारी तनाव ने मानवीय संकट को और गहरा कर दिया है तथा इसका असर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री परिवहन पर भी पड़ रहा है.

भारत ने एक बार फिर सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव कम करने और संवाद के माध्यम से समाधान खोजने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में स्थिरता और शांति बहाल की जा सके.

ये भी पढ़ें-  भारत-बांग्लादेश सीमा पर बिगड़े हालात! घुसपैठियों को लेकर BSF और BGB में तनाव, दोनों ओर से हुई पत्थरबाजी