पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की हालिया अमेरिकी यात्रा को लेकर चर्चा तेज है. बीते दो महीनों में यह उनका दूसरा दौरा रहा है, जिसमें उन्होंने कूटनीतिक और सैन्य दोनों स्तरों पर अमेरिकी अधिकारियों से मुलाकात की. इसी बीच अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव पर अहम बयान दिया है. उन्होंने बताया कि मई में दोनों देशों के बीच चार दिनों तक चले सैन्य तनाव को खत्म कराने में अमेरिका की सक्रिय भूमिका रही, जिसके चलते एक बड़े युद्ध को टाला गया.
टैमी ब्रूस ने कहा कि उस समय भारत-पाकिस्तान के बीच स्थिति अत्यंत नाजुक हो गई थी और अगर तत्काल कार्रवाई नहीं की जाती तो हालात और भयावह हो सकते थे. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कूटनीतिक प्रयासों के तहत दोनों देशों के शीर्ष नेताओं से फोन पर संपर्क कर स्थिति को शांत कराने का काम किया. उन्होंने इसे अमेरिकी नेतृत्व के लिए गर्व का पल बताया क्योंकि इस प्रयास से विनाशकारी संघर्ष से बचा जा सका.
दोनों के साथ रिश्ते महत्वपूर्ण
ब्रूस ने जोर देते हुए कहा कि अमेरिका के लिए भारत और पाकिस्तान दोनों बेहद महत्वपूर्ण हैं और दोनों देशों के साथ उनके संबंधों को बदला नहीं जा सकता. अमेरिका दोनों पक्षों के साथ मिलकर क्षेत्रीय स्थिरता और शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान प्रशासन की कूटनीतिक नीतियां इस क्षेत्र में स्थिरता लाने पर केंद्रित हैं.
दोनों पक्षों को शांत किया जाए
विदेश विभाग की प्रवक्ता ने अपने बयान में बताया कि वह भी उस समय विदेश विभाग में थीं जब तनाव चरम पर था. उन्होंने कहा कि अमेरिका की पूरी कोशिश रही कि इस तनाव को शीघ्र समाप्त किया जाए और दोनों पक्षों को शांत किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी नेतृत्व की सक्रिय भूमिका और लगातार संवाद से ही इस स्थिति को संभाला जा सका. इस बीच, 12 अगस्त को इस्लामाबाद में अमेरिका और पाकिस्तान के बीच आतंकवाद विरोधी वार्ता भी हुई, जिसमें दोनों देशों ने आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ सहयोग की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
अमेरिकी राष्ट्रपति से मुनीर ने की थी मुलाकात
आसिम मुनीर की हालिया अमेरिका यात्राओं का भी खूब चर्चा हो रही है. जून 2025 में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ निजी भोज में मुलाकात की थी, जबकि हाल ही में उन्होंने अमेरिकी सेंट्रल कमांड के कमांडर जनरल माइकल कुरिला के विदाई समारोह में हिस्सा लिया और नए कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर का स्वागत किया. जनरल कुरिला ने पाकिस्तानी सेना को आतंकवाद रोधी प्रयासों में एक अहम साझेदार बताया था.
कैसे दोनों देशों के बीच बढ़ा तनाव?
टैमी ब्रूस के बयान तब आए हैं जब कुछ दिन पहले फ्लोरिडा में जनरल आसिम मुनीर ने कथित तौर पर कहा था कि अगर पाकिस्तान के अस्तित्व को खतरा पहुंचता है तो वह भारत सहित आधे विश्व को नष्ट करने के लिए परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है. इस बयान ने दोनों देशों के बीच तनाव को फिर से बढ़ा दिया है और इसी बीच अमेरिका ने तनाव को कम करने के लिए कूटनीतिक सक्रियता दिखाई है.
यह भी पढ़ें: इजराइल से कैसे मात खा गया ईरान? 21 हजार जासूस जिन्होंने घर में घुसकर डुबोई खामेनेई की लुटिया?