दुनिया की नज़रें एक बार फिर व्हाइट हाउस की ओर टिकी हैं. महीनों से खिंचे रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने का दावा कई नेता कर चुके हैं, लेकिन इस बार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसा बयान दिया है जिसने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल बढ़ा दी है. ट्रंप ने संकेत दिया है कि उनका प्रशासन युद्ध समाप्ति के बेहद करीब पहुंच गया है. इतना करीब कि अब अंतिम फैसले का इंतज़ार है.
व्हाइट हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम में ट्रंप ने कहा कि पिछले नौ महीनों में उनकी सरकार आठ अलग-अलग संघर्षों को समाप्त कर चुकी है. उन्होंने जोर देकर कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध का हल निकालना आसान नहीं है, मगर वे उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही इसका अंत दिखाई देगा. ट्रंप ने बताया कि पिछले महीने ही करीब 25,000 सैनिकों की मौत हो चुकी है, इसलिए किसी भी कीमत पर शांति समझौता ज़रूरी है. उन्होंने कहा कि कई पूर्व प्रशासन वर्षों में जितना नहीं कर पाए, उनका प्रशासन वह काम एक साल से भी कम समय में कर चुका है और अब अंतिम युद्ध को खत्म करने का समय आ पहुंचा है.
28-सूत्रीय शांति योजना पर बड़ी तैयारी
ट्रंप की टीम वर्तमान में उनकी शुरुआती 28-सूत्रीय शांति योजना में संशोधन कर रही है. बताया जा रहा है कि यूक्रेन और रूस दोनों ने अपने सुझाव भेजे हैं, जिसके बाद इस प्लान में कई बदलाव किए गए हैं. अब केवल कुछ विवादित बिंदु ही बचे हैं. इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए ट्रंप ने एक बड़ा कदम उठाया है उन्होंने अपने विशेष दूत स्टीव विटकॉफ को मास्को भेजने का निर्देश दिया है, ताकि वे सीधे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत कर सकें. दूसरी ओर, अमेरिकी सेना सचिव डैन ड्रिस्कॉल जल्द ही यूक्रेनी अधिकारियों से मिलकर शेष शर्तों को अंतिम रूप देंगे.
“पुतिन और ज़ेलेंस्की से मिलूंगा लेकिन अंतिम चरण में ही”
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा कि उन्हें उनकी टीम द्वारा की गई प्रगति की सभी जानकारियाँ दी जा रही हैं. उन्होंने साफ किया कि वे तभी रूसी राष्ट्रपति पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से मिलेंगे जब शांति समझौता लगभग तय हो जाएगा या अपने अंतिम चरण में रहेगा.उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वे जल्द से जल्द शांति स्थापना की उम्मीद रखें.
जंग का सबसे खतरनाक महीना 25,000 सैनिकों की मौत
पिछले महीने हुई भारी जनहानि ने इस युद्ध की गंभीरता को और बढ़ा दिया है. केवल 30 दिनों में लगभग 25,000 सैनिकों की जान जाना दुनिया के लिए चेतावनी है कि यह संघर्ष अब किस स्तर तक पहुंच चुका है. यही वजह है कि अमेरिका, रूस और यूक्रेन तीनों पक्ष एक ऐतिहासिक शांति योजना पर काम करने के लिए राज़ी दिख रहे हैं.
जिनेवा में हुई महत्वपूर्ण वार्ता
कुछ दिन पहले जिनेवा में अमेरिकी और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच बातचीत हुई, जहां 28-सूत्रीय शांति प्रस्ताव पर गहन चर्चा की गई. इस बैठक के बाद दोनों देशों ने एक संयुक्त शांति ढांचा तैयार करने पर सहमति जताई. हालांकि कीव में इस प्रस्ताव को लेकर थोड़ी चिंता थी, पर यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने स्पष्ट किया कि अमेरिका द्वारा किए गए संशोधन के बाद यह योजना अब अधिक व्यावहारिक और संतुलित लग रही है.
कीव की तैयारी जल्द ही अमेरिका जाएंगे ज़ेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव रुस्तम उमरोव ने कहा कि जिनेवा वार्ता में अमेरिका और यूक्रेन के बीच प्रस्ताव की मुख्य शर्तों पर सहमति बन चुकी है. अब अंतिम चरण पूरा करने के लिए ज़ेलेंस्की जल्द ही अमेरिका की यात्रा करेंगे, जिसके बाद यह समझौता दुनिया के सामने आ सकता है.
यह भी पढ़ें: PM मोदी की सुरक्षा व्यवस्था पर इजराइल ने जताया पूरा भरोसा... भारत दौरे रद्द पर होने पर बोले इजरायली PMO