Iran America War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रही बातचीत को लेकर बड़ा बयान दिया है. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि जब तक कोई समझौता पूरी तरह तय, प्रमाणित और साइन नहीं हो जाता, तब तक ईरान पर लगी नाकाबंदी पूरी तरह जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए और हर कदम बेहद सावधानी से उठाना होगा.
ट्रंप ने कहा कि बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है और उन्होंने अपने प्रतिनिधियों को साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी डील को लेकर जल्दबाजी न दिखाई जाए. उनके मुताबिक फिलहाल बातचीत प्रोफेशनल और सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ रही है.
‘ईरान परमाणु हथियार नहीं बना सकता’
डोनाल्ड ट्रंप ने दोहराया कि अमेरिका किसी भी स्थिति में ईरान को परमाणु हथियार बनाने या हासिल करने की अनुमति नहीं देगा. उन्होंने कहा कि ईरान को यह समझना होगा कि न्यूक्लियर वेपन या बम की दिशा में बढ़ना स्वीकार नहीं किया जाएगा.
ट्रंप ने मध्य पूर्व के देशों का समर्थन करने के लिए धन्यवाद भी दिया और कहा कि अब्राहम अकॉर्ड्स को और मजबूत किया जाएगा. उन्होंने यह तक कहा कि भविष्य में शायद ईरान भी इस समझौते का हिस्सा बनना चाहे.
AI इमेज पोस्ट कर दिया संदेश
इससे पहले ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर “Adios” कैप्शन के साथ एक AI जनरेटेड तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें अमेरिकी ड्रोन ईरानी नौसेना के जहाज को निशाना बनाता दिखाई दे रहा था. इस पोस्ट को लेकर भी काफी चर्चा हुई.
ओबामा की परमाणु डील पर साधा निशाना
ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि ओबामा प्रशासन द्वारा की गई ईरान परमाणु डील अमेरिका के इतिहास की सबसे खराब डील्स में से एक थी. ट्रंप के मुताबिक उस समझौते ने ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने का रास्ता दे दिया था. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जिस समझौते पर बातचीत कर रही है, वह पहले की डील से पूरी तरह अलग है और इसमें अमेरिका की सुरक्षा प्राथमिकता होगी.
खाड़ी देशों और असीम मुनीर से हुई चर्चा
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने खाड़ी देशों के नेताओं और पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ भी बातचीत की है. इस दौरान ईरान, शांति समझौते और संभावित मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग को लेकर चर्चा हुई.
उन्होंने यह भी कहा कि इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ उनकी बातचीत हुई है और एक संभावित समझौते की अधिकांश शर्तों पर सहमति बन चुकी है. हालांकि अंतिम तकनीकी और राजनीतिक बिंदुओं पर बातचीत अभी जारी है.
होर्मुज स्ट्रेट खोलने पर भी चर्चा
ट्रंप ने दावा किया कि प्रस्तावित समझौते के तहत होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने की दिशा में भी काम हो रहा है. यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल सप्लाई के लिए बेहद अहम माना जाता है.
इसी बीच भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी संकेत दिए कि ईरान के साथ बातचीत को लेकर जल्द अच्छी खबर सामने आ सकती है. नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में रुबियो ने कहा कि आने वाले कुछ घंटों में दुनिया को सकारात्मक संकेत मिल सकते हैं.
अमेरिका पर पलटवार कर रहा ईरान
दूसरी ओर ईरान ने अमेरिका पर बातचीत के दौरान लगातार अपनी शर्तें बदलने का आरोप लगाया है. ईरान की ओर से कहा गया कि हर बार जब दोनों पक्ष किसी प्रस्ताव पर आगे बढ़ते हैं, तब अमेरिका नई मांगें सामने रख देता है.
ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग से जुड़े कुछ हिस्सों को लीक कर रहा है, जबकि वास्तविक बातचीत में अलग मुद्दों पर चर्चा हुई थी. ईरान ने दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट, युद्ध खत्म करने, फ्रीज संपत्तियों और परमाणु कार्यक्रम को लेकर जो बातें सार्वजनिक की जा रही हैं, वे वास्तविक चर्चा से अलग हैं. ईरान का कहना है कि अमेरिका आखिरी समय में भी अपने फायदे को अधिकतम करने और पहले से बनी सहमति से पीछे हटने की कोशिश कर रहा है.
ये भी पढ़ें- रूस का यूक्रेन पर सबसे घातक अटैक, इस हाइपरसोनिक मिसाइल का किया इस्तेमाल; इलाके में मची तबाही