Kyiv Attack: यूक्रेन की राजधानी कीव पर रविवार रात रूस ने बड़ा हमला किया, जिससे पूरे शहर में तबाही का मंजर देखने को मिला. रूसी सेना ने ड्रोन और मिसाइलों की भारी बौछार कर कई इलाकों को निशाना बनाया. यह हमला हाल के हफ्तों में कीव पर हुए सबसे बड़े हमलों में से एक माना जा रहा है. रातभर धमाकों, आग और धुएं से शहर दहलता रहा.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए हमले के वीडियो
हमले के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो तेजी से वायरल हुए. वायरल फुटेज में एक क्रूज मिसाइल को कीव के मध्य इलाके में गिरते देखा जा सकता है. मिसाइल के टकराते ही जोरदार विस्फोट हुआ और आसपास का इलाका आग की लपटों में घिर गया. पूरी रात शहर में धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं.
Hellish night in Kyiv. Didn’t know if I’d wake up.
— Maria Avdeeva (@maria_avdv) May 24, 2026
When there’s nothing on the battlefield, Russia wages war on market stalls and apartment blocks, murdering people in their sleep. pic.twitter.com/h7xviaQNHs
600 ड्रोन और 90 मिसाइलों का इस्तेमाल
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक रूस ने इस हमले में करीब 600 ड्रोन और 90 मिसाइलों का इस्तेमाल किया. यूक्रेन की एयर डिफेंस प्रणाली ने बड़ी संख्या में ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया, लेकिन कई हथियार अपने तय निशानों तक पहुंचने में कामयाब रहे.
समाचार एजेंसी AFP की रिपोर्ट के अनुसार राजधानी कीव के अलावा कई अन्य क्षेत्रों को भी निशाना बनाया गया. लुकियानिव्स्का मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक बिजनेस सेंटर और बाजार पूरी तरह तबाह हो गए.
कई इमारतें और बाजार तबाह
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले में एक छोटा कैफे भी पूरी तरह नष्ट हो गया, जिसे पहले रूसी हमलों के बाद छह बार दोबारा बनाया गया था. इसके अलावा कई रिहायशी इमारतें, स्कूल, बाजार और व्यावसायिक भवन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं.
चार लोगों की मौत, कई घायल
यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में कम से कम चार लोगों की मौत हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं. हमले के दौरान लोग जान बचाने के लिए मेट्रो स्टेशनों और भूमिगत बंकरों की ओर भागते नजर आए. रातभर सायरन बजते रहे और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई.
यूक्रेन ने रूस पर लगाया नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप
यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री साइबिहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रूस की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि यह हमला किसी सैन्य ठिकाने पर नहीं बल्कि आम नागरिकों को निशाना बनाकर किया गया. उन्होंने बताया कि कीव के अलावा चेर्कासी, खार्किव, क्रोपिवनित्स्की, ओडेसा, पोल्टावा, सूमी और झितोमिर क्षेत्रों पर भी हमले किए गए.
‘ओरेशनिक’ हाइपरसोनिक मिसाइल के इस्तेमाल का दावा
यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने दावा किया कि रूस ने इस बार ‘ओरेशनिक’ नामक नई हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल का भी इस्तेमाल किया. बताया जा रहा है कि यह मिसाइल बेहद तेज और विनाशकारी क्षमता वाली है.
क्या है Oreshnik हाइपरसोनिक मिसाइल?
‘ओरेशनिक’ रूस की नई हाइपरसोनिक मिसाइल मानी जा रही है. विशेषज्ञों के अनुसार यह ध्वनि की गति से लगभग 10 गुना अधिक रफ्तार से उड़ सकती है. दावा किया जा रहा है कि यह मिसाइल जमीन के कई मंजिल नीचे बने बंकरों को भी तबाह करने की क्षमता रखती है. यही वजह है कि इसे रूस के सबसे खतरनाक हथियारों में गिना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या पर बड़ा एक्शन, शुभेंदु सरकार बनाएगी ‘होल्डिंग सेंटर’