बॉक्स ऑफिस पर उड़ाया गर्दा, अब OTT पर धूम मचाने आ रही 'लेनिन'... जानिए कब और कहां होगी रिलीज

Lenin OTT Release: तेलुगु स्टार अखिल अक्किनेनी के करियर के लिए फिल्म 'लेनिन' किसी नए अध्याय से कम साबित नहीं हुई. लंबे समय से एक बड़ी सफलता की तलाश में जुटे अभिनेता ने इस एक्शन-ड्रामा के जरिए दमदार वापसी की है.

akhil-akkineni-lenin-ott-release-on-zee5-august
Image Source: Social Media

Lenin OTT Release: तेलुगु स्टार अखिल अक्किनेनी के करियर के लिए फिल्म 'लेनिन' किसी नए अध्याय से कम साबित नहीं हुई. लंबे समय से एक बड़ी सफलता की तलाश में जुटे अभिनेता ने इस एक्शन-ड्रामा के जरिए दमदार वापसी की है. सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद अब यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने जा रही है. ऐसे में जो दर्शक इसे बड़े पर्दे पर नहीं देख पाए, उन्हें जल्द ही घर बैठे इस फिल्म का आनंद लेने का मौका मिलेगा.

कब और कहां होगी स्ट्रीमिंग?

'लेनिन' की ओटीटी रिलीज का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है. यह फिल्म 7 अगस्त 2026 से ZEE5 पर स्ट्रीम होगी. प्लेटफॉर्म ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी साझा करते हुए फिल्म को प्यार, बदले और क्रांति की कहानी बताया है. खास बात यह है कि थिएटर रिलीज के एक महीने के भीतर ही फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहुंच रही है, जिससे इसकी लोकप्रियता को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

अखिल और भाग्यश्री की जोड़ी ने जीता दिल

फिल्म में अखिल अक्किनेनी एक ऐसे ग्रामीण युवक के किरदार में दिखाई देते हैं, जिसकी कहानी संघर्ष, भावनाओं और न्याय की लड़ाई के इर्द-गिर्द घूमती है. उनके साथ अभिनेत्री भाग्यश्री बोरसे मुख्य भूमिका में नजर आई हैं. निर्देशक मुरली किशोर अब्बुरु ने कहानी को एक्शन और इमोशनल ड्रामा के संतुलन के साथ पेश किया है. वहीं शिवाजी, प्रमोद पंजू, ईश्वरी राव, सुनील, रामकी और ब्रह्माजी जैसे कलाकारों ने भी अपने अभिनय से फिल्म को मजबूती दी है.

बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बढ़कर रहा प्रदर्शन

10 जुलाई 2026 को रिलीज हुई 'लेनिन' का मुकाबला अजय देवगन और रितेश देशमुख की कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' से था. बड़े क्लैश के बावजूद फिल्म ने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई और करीब 22 दिनों में दुनिया भर से लगभग 66 करोड़ रुपये का कारोबार करने में सफल रही. यह कलेक्शन अखिल अक्किनेनी के करियर की सबसे बड़ी व्यावसायिक सफलताओं में शामिल हो चुका है.

थिएटर के बाद ओटीटी पर भी बड़ी उम्मीदें

सिर्फ बॉक्स ऑफिस ही नहीं, बल्कि फिल्म ने ओटीटी, सैटेलाइट और म्यूजिक राइट्स के जरिए भी शानदार कमाई की है, जिससे इसका बजट पहले ही रिकवर हो चुका है. अब निगाहें इसकी डिजिटल रिलीज पर टिकी हैं. माना जा रहा है कि थिएटर में मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद ओटीटी पर भी 'लेनिन' को अच्छा दर्शक वर्ग मिलेगा और यह अखिल अक्किनेनी की लोकप्रिय फिल्मों की सूची में अपनी जगह और मजबूत करेगी.

ये भी पढ़ें: रॉकिंग स्टार यश की ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर 8 अगस्त को होगा रिलीज़; मेकर्स ने जारी किया दिलचस्प नया पोस्टर