रॉकिंग स्टार यश की ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर 8 अगस्त को होगा रिलीज़; मेकर्स ने जारी किया दिलचस्प नया पोस्टर

मेकर्स ने रॉकिंग स्टार यश का एक दमदार नया पोस्टर जारी करते हुए ऐलान किया है कि फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर 8 अगस्त 2026 को रिलीज़ होगा.

Yash Kiara Advani Toxic movie trailer release date 2026
Image Source: Social Media

भारतीय सिनेमा की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के ट्रेलर का इंतज़ार अब आखिरकार खत्म होने वाला है. मेकर्स ने रॉकिंग स्टार यश का एक दमदार नया पोस्टर जारी करते हुए ऐलान किया है कि फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर 8 अगस्त 2026 को रिलीज़ होगा.

फिल्म के अब तक के कैंपेन की तरह यह नया पोस्टर भी रहस्य से भरपूर है. पोस्टर में यश के किरदार ‘राया’ की सिल्हूट नज़र आती है, जिसके हाथ में टॉमी गन है. यह झलक फिल्म की विशाल और रॉ दुनिया की ओर इशारा तो करती है, लेकिन कहानी के पत्ते अब भी नहीं खोलती. अब तक रिलीज़ हुए हर पोस्टर और टीज़र की तरह इस पोस्टर ने भी सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है, जहां फैंस कहानी और राया के सफर को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं.

दिलचस्प बात यह है कि ट्रेलर का भव्य लॉन्च बेंगलुरु में होगा, जो यश और केवीएन प्रोडक्शंस का होम स्टेट भी है. 8 अगस्त की तारीख एक और खास वजह से यादगार है, क्योंकि इसी दिन ‘टॉक्सिक’ की शूटिंग शुरू हुए पूरे दो साल पूरे हो जाएंगे.

अब तक फिल्म की हर झलक ने राज़ बनाए रखने की रणनीति अपनाई है. शानदार विजुअल्स और रहस्यमयी इमेजरी के जरिए दर्शक खुद ‘टॉक्सिक’ की दुनिया को जोड़ने की कोशिश करते रहे हैं. अब ट्रेलर उस अधूरी तस्वीर का आखिरी टुकड़ा बनने जा रहा है, जो दर्शकों को फिल्म की दुनिया, उसके किरदारों, उसके भव्य स्केल और साल की सबसे रहस्यमयी कहानी की पहली पूरी झलक देगा.

गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ में रॉकिंग स्टार यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे.

कन्नड़ और अंग्रेज़ी में एक साथ शूट की गई यह फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम में भी रिलीज़ होगी. केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बनी यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 26 अगस्त 2026, बुधवार को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.