PM Kisan Yojana: किसानों के लिए जरूरी खबर, ये 3 काम नहीं किए तो रुक सकते हैं 2,000 रुपये, ऐसे करें चेक

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली अगली किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए बड़ी जानकारी सामने आई है.

PM Kisan Yojana 24th Installment for farmers Complete These 3 Important Tasks
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

PM Kisan Yojana: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली अगली किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए बड़ी जानकारी सामने आई है. केंद्र सरकार ने इस योजना को साल 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दे दी है. ऐसे में किसानों को आगे भी योजना का लाभ मिलता रहेगा.

योजना के तय समय के अनुसार पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त नवंबर से दिसंबर 2026 के बीच किसानों के बैंक खातों में भेजी जा सकती है. हालांकि किस्त जारी होने से पहले किसानों को कुछ जरूरी काम पूरे करने होंगे. अगर ये काम पूरे नहीं हुए तो 2,000 रुपये की अगली किस्त रुक सकती है.

हर साल मिलते हैं 6,000 रुपये

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है. यह राशि तीन बराबर किस्तों में किसानों के बैंक खाते में सीधे भेजी जाती है.

हर किस्त में 2,000 रुपये डीबीटी यानी डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर के माध्यम से किसानों को मिलते हैं. योजना के नियमों के अनुसार पहली किस्त अप्रैल से जुलाई, दूसरी किस्त अगस्त से नवंबर और तीसरी किस्त दिसंबर से मार्च के बीच जारी की जाती है.

23वीं किस्त जारी होने के बाद अब अगली किस्त इसी चक्र के अनुसार नवंबर-दिसंबर 2026 में आने की उम्मीद है.

किस्त पाने के लिए पूरे करने होंगे ये जरूरी काम

किसानों को अगली किस्त बिना किसी परेशानी के पाने के लिए कुछ जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी. सबसे पहले किसानों का ई-केवाईसी पूरा होना जरूरी है. ई-केवाईसी आधार ओटीपी के जरिए पीएम किसान पोर्टल पर या नजदीकी सीएससी केंद्र से कराया जा सकता है.

इसके अलावा किसानों की जमीन की जानकारी का सत्यापन यानी लैंड सीडिंग भी पूरा होना चाहिए. अगर पीएम किसान पोर्टल पर लैंड सीडिंग की स्थिति "नहीं" दिखाई दे रही है तो किसान को अपने क्षेत्र के तहसील कार्यालय या कृषि विभाग से संपर्क करना होगा.

इसके साथ ही किसान का बैंक खाता आधार से जुड़ा होना चाहिए और खाते में डीबीटी सुविधा चालू होनी जरूरी है.

ऐसे पता करें किस्त मिलेगी या नहीं

किसान घर बैठे यह पता कर सकते हैं कि उनकी अगली किस्त के लिए सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी हुई है या नहीं.

इसके लिए किसानों को पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां फार्मर्स कॉर्नर में जाकर "नो योर स्टेटस" विकल्प चुनना होगा. इसके बाद रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा भरकर जानकारी देखी जा सकती है.

स्टेटस में किसान को ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग और बैंक खाते की आधार लिंकिंग की जानकारी दिखाई देगी. अगर इन तीनों जगह "हां" लिखा है तो अगली किस्त मिलने में कोई समस्या नहीं होगी.

2030-31 तक जारी रहेगी पीएम किसान योजना

केंद्र सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना को आगे भी जारी रखने का फैसला किया है. योजना के विस्तार के बाद किसानों को राहत मिली है और अब उन्हें हर चार महीने में मिलने वाली 2,000 रुपये की किस्त पहले की तरह मिलती रहेगी.

हालांकि किसानों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना ई-केवाईसी, जमीन का सत्यापन और बैंक खाते से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी पूरी कर लें, ताकि किस्त आने के समय किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

ये भी पढ़ें- उत्तराखंड में बारिश का कहर, खतरे के के करीब पहुंची नदियां, NH-34 समेत कई रास्ते बंद, चेतावनी जारी