अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से नया इतिहास रच दिया. उन्होंने महज 30 गेंदों में शतक पूरा कर भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इस दौरान अभिषेक ने 9 चौके और 10 छक्के जड़े. इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने 35 गेंदों में शतक लगाया था.
फुल मेंबर टीमों में सबसे तेज सेंचुरी
अभिषेक की यह पारी टी20 इंटरनेशनल की तेजतर्रार सेंचुरी की सूची में भी खास जगह बनाती है. ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो एस्टोनिया के साहिल चौहान ने 2024 में साइप्रस के खिलाफ 27 गेंदों में शतक लगाया था, जबकि तुर्की के मोहम्मद फहाद मौदूज ने 29 गेंदों में सेंचुरी पूरी की थी. हालांकि, इन टीमों को आईसीसी फुल मेंबर का दर्जा हासिल नहीं है. ऐसे में अभिषेक किसी फुल मेंबर टीम के लिए सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
108 रन बनाकर लौटे पवेलियन
अभिषेक ने शतक पूरा करने के बाद भी अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा और 34 गेंदों में 9 चौकों और 11 छक्कों की मदद से 108 रन की पारी खेली. उनकी बल्लेबाजी की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पावरप्ले खत्म होने तक भारत ने बिना विकेट गंवाए 100 रन बना लिए थे. अभिषेक ने इस दौरान सिर्फ 22 गेंदों में 76 रन बनाए, जबकि संजू सैमसन ने 14 गेंदों पर 24 रन का योगदान दिया.
पावरप्ले में भारत का नया रिकॉर्ड
अभिषेक की विस्फोटक बल्लेबाजी ने टीम इंडिया को टी20 इंटरनेशनल के पावरप्ले में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाने में भी मदद की. छह ओवर के बाद भारत का स्कोर 100 रन बिना किसी नुकसान के था. इस मुकाबले में अभिषेक ने जहां रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई, वहीं उनकी 108 रनों की पारी ने मैच की शुरुआत को पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया.
ये भी पढ़ें: कौन हैं नमन धीर? जिन्हें टीम इंडिया में मिली एंट्री, टी20 मैच में खेली थी 173 रन की तूफानी पारी