कौन हैं नमन धीर? जिन्हें टीम इंडिया में मिली एंट्री, टी20 मैच में खेली थी 173 रन की तूफानी पारी

शेर-ए-पंजाब टी20 कप में 64 गेंदों पर 173 रन की तूफानी पारी खेलने वाले पंजाब के इस ऑलराउंडर को अब पहली बार भारतीय वनडे टीम में शामिल किया गया है.

naman-dhir-gets-maiden-india-odi-call-up-west-indies-series
Image Source: Social Media

कुछ महीनों पहले तक नमन धीर का नाम आईपीएल और घरेलू क्रिकेट तक ज्यादा चर्चा में था, लेकिन एक विस्फोटक पारी ने उनकी पहचान को नई ऊंचाई दे दी. शेर-ए-पंजाब टी20 कप में 64 गेंदों पर 173 रन की तूफानी पारी खेलने वाले पंजाब के इस ऑलराउंडर को अब पहली बार भारतीय वनडे टीम में शामिल किया गया है. वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी.

64 गेंदों में मचा दिया तूफान

8 सितंबर को अमृतसर सूरमास की ओर से खेलते हुए नमन धीर ने मोहाली किंग्स के खिलाफ सिर्फ 64 गेंदों में 173 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 16 चौके और 12 छक्के शामिल रहे. इस शानदार बल्लेबाजी के दम पर अमृतसर ने 20 ओवर में 279 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और 67 रन से मुकाबला अपने नाम किया. नमन ने गेंद से भी योगदान दिया और 2 विकेट चटकाए.

मुंबई इंडियंस के लिए भी दिखाया दम

आईपीएल में नमन धीर Mumbai Indians का हिस्सा हैं और 2024 में उन्होंने अपना आईपीएल डेब्यू किया था. 2025 सीजन में उन्होंने 16 मैचों में 252 रन बनाए, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 182.61 रहा. 2026 में भी उनका प्रदर्शन जारी रहा और उन्होंने 14 मुकाबलों में 318 रन बनाए. आईपीएल करियर में नमन अब तक 37 मैचों में 710 रन बना चुके हैं.

घरेलू क्रिकेट में भी मजबूत रिकॉर्ड

नमन दाएं हाथ से बल्लेबाजी करने के साथ ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं. पंजाब की ओर से घरेलू क्रिकेट में उन्होंने लगातार अपनी उपयोगिता साबित की है. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम 20 मैचों में 669 रन हैं, जिसमें दो शतक शामिल हैं. लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 351 रन बनाए हैं, जबकि टी20 क्रिकेट में उनके नाम 1222 रन दर्ज हैं.

अब टीम इंडिया के साथ नई चुनौती

लगातार शानदार प्रदर्शन का इनाम नमन धीर को भारतीय टीम में चयन के रूप में मिला है. बीसीसीआई ने 16 सितंबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया, जिसमें नमन को पहली बार जगह दी गई. सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा. घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने के बाद अब नमन के पास अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी बल्लेबाजी और ऑलराउंड क्षमता दिखाने का मौका होगा.

ये भी पढ़ें: IND vs AFG Pitch Report: भारत-अफगानिस्तान के बीच तीसरा टी20 मैच आज; क्या गुल खिलाएगी दिल्ली की पिच?