8th Pay Commission: फिटमेंट फैक्टर से लेकर DA तक... कैसे तय होती है पे कमीशन में सैलरी? समझें गणित

केंद्र सरकार की ओर से 8वें वेतन आयोग की घोषणा के बाद सरकारी कर्मचारियों के बीच सैलरी बढ़ोतरी को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

8th Pay Commission How is salary decided in pay commission
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

8th Pay Commission: केंद्र सरकार की ओर से 8वें वेतन आयोग की घोषणा के बाद सरकारी कर्मचारियों के बीच सैलरी बढ़ोतरी को लेकर चर्चा तेज हो गई है. देशभर के लाखों कर्मचारियों की नजर इस बात पर टिकी है कि इस बार उनकी आय में कितनी बढ़ोतरी होगी. इसी बीच अलग-अलग विभागों से कर्मचारी संगठन अपनी-अपनी मांगें सरकार तक पहुंचा रहे हैं.

सबसे बड़ी मांगों में शिक्षकों और पोस्टमैन के वेतन को लेकर प्रस्ताव सामने आए हैं. शिक्षक संगठन जहां एंट्री लेवल की बेसिक सैलरी को 1.34 लाख रुपये तक बढ़ाने की बात कर रहे हैं, वहीं पोस्टमैन संगठनों ने अपनी बेसिक सैलरी को 1.12 लाख रुपये तक करने की मांग रखी है. इन मांगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर सरकारी वेतन आयोग में सैलरी तय कैसे होती है और किन आधारों पर इसमें बदलाव किया जाता है.

शिक्षकों की सैलरी को लेकर बड़ी मांगें

8वें वेतन आयोग को लेकर शिक्षकों ने सरकार के सामने कई अहम प्रस्ताव रखे हैं. इन मांगों में केवल वेतन बढ़ोतरी ही नहीं, बल्कि भत्तों और अन्य सुविधाओं में भी सुधार की बात शामिल है.

शिक्षक संगठनों की प्रमुख मांग यह है कि लेवल-6 के एंट्री लेवल शिक्षकों की बेसिक सैलरी को बढ़ाकर करीब 1,34,500 रुपये किया जाए. इसके अलावा लेवल-1 कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन 50,000 से 60,000 रुपये के बीच तय करने की मांग की गई है.

संगठनों ने यह भी सुझाव दिया है कि मौजूदा फिटमेंट फैक्टर को 2.57 से बढ़ाकर 2.62 से 3.83 के बीच किया जाए, जिससे बेसिक सैलरी में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. इसके साथ ही सालाना इंक्रीमेंट को 3% से बढ़ाकर 6% से 7% करने की भी मांग की गई है, ताकि हर साल वेतन में बेहतर वृद्धि हो सके.

पोस्टमैन कर्मचारियों की डिमांड

पोस्टल विभाग से जुड़े कर्मचारी संगठनों ने भी वेतन वृद्धि को लेकर अपनी मांगें सरकार के सामने रखी हैं. फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गेनाइजेशन (FNPO) ने लेवल-1 कर्मचारियों की बेसिक सैलरी 69,000 रुपये करने की मांग की है, जबकि मौजूदा बेसिक पे काफी कम है.

इसके अलावा पोस्टमैन और मेल गार्ड (लेवल-5) के लिए बेसिक सैलरी 25,500 रुपये से बढ़ाकर 1.12 लाख रुपये करने का प्रस्ताव दिया गया है. यह मांग मौजूदा वेतन ढांचे की तुलना में एक बड़ी छलांग मानी जा रही है.

FNPO ने यह भी कहा है कि फिटमेंट फैक्टर को 3.83 तक बढ़ाया जाना चाहिए, क्योंकि इसी के आधार पर नई सैलरी और पेंशन तय होती है. साथ ही सालाना इंक्रीमेंट को 3% से बढ़ाकर 6% करने की मांग भी की गई है, ताकि बढ़ती महंगाई के अनुसार कर्मचारियों की आय में सुधार हो सके.

आखिर सैलरी कैसे तय होती है?

अब सबसे अहम सवाल यह है कि सरकारी वेतन आयोग में सैलरी तय कैसे की जाती है. आमतौर पर इसमें कई फैक्टरों को ध्यान में रखा जाता है.

सबसे पहले बेसिक पे को फिटमेंट फैक्टर से गुणा किया जाता है, जिससे नई बेसिक सैलरी तय होती है. इसके बाद इसमें महंगाई भत्ता (DA) जोड़ा जाता है.

इसके अलावा हाउस रेंट अलाउंस (HRA) और ट्रांसपोर्ट अलाउंस (TA) जैसे भत्तों को भी शामिल किया जाता है. इन सभी घटकों को मिलाकर किसी भी कर्मचारी का कुल वेतन तय होता है.

फिटमेंट फैक्टर क्यों अहम है?

फिटमेंट फैक्टर वेतन निर्धारण का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है. यह एक गुणांक होता है, जिसे पुराने बेसिक पे पर लागू करके नया वेतन निकाला जाता है. 7वें वेतन आयोग में यह 2.57 था, जबकि 8वें वेतन आयोग के लिए इसे बढ़ाने की मांग की जा रही है.

जैसे-जैसे फिटमेंट फैक्टर बढ़ता है, वैसे-वैसे कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में सीधा और बड़ा असर देखने को मिलता है.

पे मैट्रिक्स और वेतन संरचना

सरकारी वेतन प्रणाली में पे मैट्रिक्स भी अहम भूमिका निभाता है. यह पुराने पे बैंड और ग्रेड पे सिस्टम की जगह लागू किया गया है. इसमें लेवल 1 से लेकर लेवल 18 तक अलग-अलग वेतन स्टेप्स तय किए जाते हैं, जिससे वेतन संरचना को सरल और व्यवस्थित बनाया गया है.

भत्तों का योगदान

किसी भी कर्मचारी की कुल सैलरी केवल बेसिक पे तक सीमित नहीं होती. इसमें कई भत्ते भी शामिल होते हैं.

महंगाई भत्ता (DA) समय-समय पर महंगाई के अनुसार बढ़ता है. इसके अलावा हाउस रेंट अलाउंस (HRA) और ट्रांसपोर्ट अलाउंस (TA) भी कर्मचारी की पोस्टिंग और स्थान के अनुसार जोड़े जाते हैं.

ये भी पढ़ें- Super El Nino: पानी की किल्लत, भयंकर गर्मी... भारत में कैसा होगा सुपर अल-नीनो का असर? चेतावनी जारी