PM Modi Played Football: नरेंद्र मोदी इन दिनों सिक्किम के दो दिवसीय दौरे पर हैं. इस दौरान राजधानी गंगटोक में उन्होंने सुबह के समय बच्चों के साथ फुटबॉल खेलकर सभी का ध्यान खींचा. इस खास पल की झलकियां उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा कीं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं.
प्रधानमंत्री ने इन तस्वीरों के साथ लिखा कि गंगटोक की सुबह और युवाओं के साथ फुटबॉल खेलना बेहद आनंददायक अनुभव रहा. उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों के साथ यह सत्र ऊर्जा और उत्साह से भरपूर था.
Clearly, an energising football session with these youngsters! pic.twitter.com/Xc99oCylqt
— Narendra Modi (@narendramodi) April 28, 2026
दो दिवसीय दौरे पर कई बड़े कार्यक्रम
प्रधानमंत्री का यह दौरा खास महत्व रखता है, क्योंकि वह सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस के समापन समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं. इस मौके पर वे राज्य के विकास से जुड़ी 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे.
Nothing like playing some football with my young friends in Sikkim on a lovely Gangtok morning! ⚽️ pic.twitter.com/5xEceWBH1f
— Narendra Modi (@narendramodi) April 28, 2026
मंगलवार को उनका कार्यक्रम काफी व्यस्त है. वे ऑर्किडेरियम गंगटोक का दौरा करेंगे, जिसे राज्य की जैव विविधता और पुष्प विरासत को दर्शाने के लिए विश्वस्तरीय केंद्र के रूप में विकसित किया गया है.
पालजोर स्टेडियम में मुख्य समारोह
इसके बाद प्रधानमंत्री सुबह करीब 10 बजे पालजोर स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां स्वर्ण जयंती समारोह का समापन कार्यक्रम आयोजित होगा. यहां वे कई अहम क्षेत्रों से जुड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और जनता को संबोधित भी करेंगे.
इन परियोजनाओं में बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन और कृषि जैसे महत्वपूर्ण सेक्टर शामिल हैं.
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा
दौरे के दौरान नरेंद्र मोदी शिक्षा क्षेत्र में कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे. इनमें यांगंग में सिक्किम विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर, चाकुंग में नेताजी सुभाष चंद्र बोस उत्कृष्टता विश्वविद्यालय का प्रशासनिक ब्लॉक, सोचेयगांग में हेलेन लेपचा मेडिकल कॉलेज और ग्यालशिंग जिले में डेंटम प्रोफेशनल कॉलेज शामिल हैं.
इसके अलावा राज्य के 160 स्कूलों में आईटी आधारित ढांचे को मजबूत करने की परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी, जिससे डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा.
कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस
कनेक्टिविटी सुधारने के लिए प्रधानमंत्री तीस्ता नदी पर बनने वाले दो डबल लेन स्टील आर्च ब्रिजों की आधारशिला रखेंगे, जो सिरवानी और लोअर समदोंग क्षेत्रों में बनाए जाएंगे.
इसके साथ ही किचुदुमरा होते हुए बिरधांग से नामची तक की उन्नत सड़क परियोजना का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिससे आवागमन और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
ये भी पढ़ें- IPL 2026: DC की हार के बाद पॉइंट्स टेबल में उलटफेर, RCB ने नेट रन रेट में पंजाब को पछाड़ा, देखें रिकॉर्ड