Weather: अगले 48 घंटे बारिश का अलर्ट, गर्मी से मिलने वाली है राहत! आज आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम?

देश के कई हिस्से इस समय तेज गर्मी की चपेट में हैं, खासकर दिल्ली और उत्तर भारत के इलाके. हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं.

Weather Update Rain alert for next 48 hours relief from heatwave imd forecast
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Weather Update: देश के कई हिस्से इस समय तेज गर्मी की चपेट में हैं, खासकर दिल्ली और उत्तर भारत के इलाके. हालांकि अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राजधानी में अगले 48 घंटों के भीतर मौसम करवट ले सकता है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है.

28 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 29 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 42°C और न्यूनतम 27°C रहने का अनुमान है, जिससे दिन में गर्मी का असर बरकरार रहेगा लेकिन बारिश से राहत मिल सकती है.

तापमान ने तोड़े रिकॉर्ड, अब बदलेगा मिजाज

सोमवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 42.3°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा है. इसके अलावा पालम और लोधी रोड में भी पारा 42°C के पार पहुंच गया.

सबसे अधिक तापमान दिल्ली रिज में 43.8°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि आयानगर में 43.2°C दर्ज हुआ. ये सभी आंकड़े सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक हैं, जो भीषण गर्मी का संकेत देते हैं.

चक्रवाती सिस्टम का असर

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर एक मजबूत चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है, जो धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ रहा है. इसका असर दिल्ली और आसपास के इलाकों में 30 अप्रैल तक देखने को मिल सकता है. इसी सिस्टम के कारण मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना बन रही है.

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में अलर्ट

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम करवट ले रहा है. जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 अप्रैल को बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है.

इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

मध्य और पूर्वी भारत में भी असर

मौसम का असर सिर्फ उत्तर भारत तक सीमित नहीं रहेगा. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग का कहना है कि 28 अप्रैल से 1 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है. हालांकि कुछ जगहों पर अभी भी लू और उमस का असर बना रह सकता है.

दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार

दक्षिणी राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहेगा. कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 28 अप्रैल से 1 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है.

ये भी पढ़ें- सटीक यॉर्कर, घातक स्विंग... 36 की उम्र में भी कहर मचा रहे भुवनेश्वर कुमार, बना डाला अनोखा रिकॉर्ड