अब 4 मई के बाद शपथ ग्रहण में आऊंगा... बैरकपुर में बोले पीएम मोदी, कहा - मैंने लोगों का मिजाज...

PM Modi Vijay Sankalp Sabha: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार का अंतिम दिन आज है, और इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैरकपुर पहुंचे.

PM Modi Vijay Sankalp Rally in Barrackpore west bengal assembly election 2026
Image Source: Social Media

PM Modi Vijay Sankalp Sabha: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार का अंतिम दिन आज है, और इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैरकपुर पहुंचे. पीएम मोदी ने रैली से पहले कोलकाता के ऐतिहासिक थंथानिया कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां काली का आशीर्वाद लिया. यह मंदिर 300 साल पुराना है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है. 

बैरकपुर विधानसभा सीट पर इस बार एक दिलचस्प त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है, जिसमें भाजपा के कौस्तव बागची, तृणमूल कांग्रेस के मौजूदा विधायक राज चक्रवर्ती और सीपीआई(एम) के सुमन रंजन बंद्योपाध्याय चुनावी मैदान में हैं. बैरकपुर, जो उत्तर 24 परगना जिले में स्थित है, पर 29 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना 4 मई को होगी. इस सीट पर कई राजनैतिक दलों की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि यह क्षेत्र राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है.

"अब 4 मई के बाद शपथ ग्रहण में आऊंगा"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैरकपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस चुनाव में मेरी ये आखिरी सभा, अब 4 मई के बाद शपथ ग्रहण में आऊंगा. उन्होंने कहा कि TMC ने कोलकाता को लंदन बनाने का वादा किया था, लेकिन 15 साल में इन्होंने कोलकाता की पहचान ही बदल दी. यहां घुसपैठियों को बसा दिया. मैं हर कोलकाता वासी से कहूंगा कि हमें मिलकर कोलकाता को कोलकाता ही बनाना है, उसकी पहचान बदले जाने से रोकना है. प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल ने उनके जीवन और आध्यात्मिक सफर में एक बेहद निजी भूमिका निभाई है.

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल के प्रति मेरा जो लगाव रहा है, वह शक्ति के प्रति मेरी भक्ति है. यह मेरे निजी आध्यात्मिक सफर का ऊर्जा केंद्र रहा है. यह बंगाल की महान हस्तियों और यहां के लोगों, यानी ‘जनता जनार्दन’के अपार प्रेम से प्रेरित रहा है. बंगाल की इस धरती पर मुझे जो अनुभव मिले हैं, उन्हें मैं अपने ऊपर एक बहुत बड़ा आशीर्वाद मानता हूं. 

"मैंने लोगों का मिजाज देखा है"

बैरकपुर रैली को राज्य में चल रहे चुनावी अभियान की अपनी आखिरी जनसभा बताते हुए, उन्होंने चुनावी नतीजों को लेकर अपना भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि ये इस चुनाव में मेरी आखिरी रैली है, और पश्चिम बंगाल में मैं जहां भी गया हूं, मैंने लोगों का मिजाज देखा है. मैं इस भरोसे के साथ लौट रहा हूं कि 4 मई को नतीजों के बाद, मुझे BJP के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए वापस आना होगा.

"आपके संदेश मायने रखते हैं"

प्रधानमंत्री ने चुनावी कार्यक्रमों के दौरान लोगों के साथ अपने भावनात्मक जुड़ाव के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा कि उन्हें मिलने वाले हाव-भाव और संदेश उनके लिए बहुत मायने रखते हैं. PM मोदी ने कहा कि बंगाल में रैलियों और रोडशो के दौरान, मुझे इतने दिल को छू लेने वाले संदेश और तस्वीरें मिलीं कि मैं उन्हें कभी नहीं भूल पाऊंगा. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के बाद मैं रात में समय निकालकर हर तस्वीर को ध्यान से देखता हूं. उन्होंने कहा कि कलाकारों द्वारा व्यक्त की गई भावनाओं पर विचार करता हूं. मैं आपके संदेश और चिट्ठिया भी पढ़ता हूं. कुछ में मुझे आपका दर्द दिखता है. दूसरों में, मुझे आपका आशीर्वाद महसूस होता है. बाद में, मैं यह पक्का करता हूं कि मेरे जवाब सोच-समझकर दिए जाएं.

ये भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका, AAP के सभी बागी सांसदों को विलय की मंजूरी, BJP की बढ़ गई ताकत