दिल्ली-यूपी के लोगों भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, तेज आंधी और बारिश की चेतावनी; इन राज्यों में बदलेगा मौसम

Delhi Weather: देश में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी ने लोगों का हाल खराब कर दिया है. कई राज्यों में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी है. दुनियाभर के सबसे गर्म शहरों की लिस्ट में भी भारत के कई शहर शामिल हैं.

People of Delhi-UP will get relief from scorching heat warning of strong storm and rain Weather
Image Source: ANI/ File

Delhi Weather: देश में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी ने लोगों का हाल खराब कर दिया है. कई राज्यों में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी है. दुनियाभर के सबसे गर्म शहरों की लिस्ट में भी भारत के कई शहर शामिल हैं. अकोला में तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस समय देश में सबसे ज्यादा दर्ज किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि अगर बहुत जरूरी काम न हो तो दिन में घर से बाहर न निकलें.

मौसम में बदलाव के संकेत

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार शाम से एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा. इसके असर से पूरे हफ्ते देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश हो सकती है. इससे तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. IMD के अनुसार 27 अप्रैल को उत्तर भारत में लू चलने की संभावना है, लेकिन इसके बाद मौसम में सुधार देखने को मिल सकता है.

दिल्ली-यूपी में कब होगी बारिश

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 अप्रैल से 3 मई के बीच हल्की बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.

वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 से 30 अप्रैल के बीच गरज के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जबकि कुछ जगहों पर 60 से 70 किमी प्रति घंटे की तेज आंधी भी आ सकती है.

पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में कई जगह तेज बारिश हो सकती है.
इसके अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी आंधी-तूफान और बारिश के आसार हैं. मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी इस हफ्ते मौसम बदल सकता है और गरज के साथ बारिश हो सकती है.

हीटवेव का असर अभी भी जारी

हालांकि कुछ जगहों पर बारिश से राहत मिलेगी, लेकिन राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में हीटवेव का असर अभी भी बना रहेगा. दक्षिण भारत के कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और तेलंगाना में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है, लेकिन वहां उमस बढ़ेगी.

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है. आंधी, बिजली और तेज हवाओं के दौरान बाहर न निकलें और सुरक्षित जगह पर रहें. आने वाले दिनों में धीरे-धीरे तापमान कम हो सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें- आपसी सहमति से साथ रहे, तो अब इसे रेप कैसे... लिव-इन पार्टनर पर महिला ने लगाया आरोप, सुप्रीम कोर्ट ने पूछे सवाल