रोनाल्डो-मेसी से लेकर नेमार तक... कौन है दुनिया का सबसे अमीर फुटबॉलर, इनके पास है कितना पैसा? देखें लिस्ट

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दौरान दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल सितारे एक बार फिर मैदान पर अपना दम दिखा रहे हैं. लेकिन इन खिलाड़ियों की पहचान सिर्फ शानदार खेल तक ही सीमित नहीं है.

Ronaldo Messi Neymar Mbappé who is the worlds richest footballer Check out the list
Image Source: Social Media

Richest Footballers: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दौरान दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल सितारे एक बार फिर मैदान पर अपना दम दिखा रहे हैं. लेकिन इन खिलाड़ियों की पहचान सिर्फ शानदार खेल तक ही सीमित नहीं है. आज ये खिलाड़ी खेल के साथ-साथ विज्ञापनों, बिजनेस और बड़े निवेश से भी अरबों रुपये की कमाई कर रहे हैं. आइए जानते हैं कि दुनिया के सबसे अमीर फुटबॉलरों की सूची में कौन-कौन शामिल है और उनके पास कितनी संपत्ति है.

क्रिस्टियानो रोनाल्डो सबसे आगे

पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो कमाई के मामले में सबसे आगे हैं. अल नास्र क्लब के लिए खेलने वाले रोनाल्डो की कुल संपत्ति करीब 1.2 से 1.4 बिलियन डॉलर बताई जाती है. उनकी कमाई सिर्फ फुटबॉल से नहीं होती, बल्कि नाइकी के साथ लाइफटाइम डील, होटल बिजनेस, जिम और रियल एस्टेट में निवेश से भी उन्हें बड़ी आय होती है.

मेसी भी नहीं हैं ज्यादा पीछे

अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी दुनिया के सबसे अमीर खिलाड़ियों में दूसरे नंबर पर हैं. इंटर मियामी के लिए खेलने वाले मेसी की कुल संपत्ति करीब 850 मिलियन डॉलर मानी जाती है. क्लब कॉन्ट्रैक्ट के अलावा एडिडास के साथ साझेदारी, होटल और रियल एस्टेट में निवेश उनकी कमाई का बड़ा जरिया है.

नेमार और एमबापे भी अरबों की दौलत के मालिक

ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार की कुल संपत्ति करीब 450 से 500 मिलियन डॉलर के बीच बताई जाती है. सऊदी क्लब अल हिलाल से जुड़ने के बाद उनकी कमाई में बड़ा इजाफा हुआ है. इसके अलावा प्यूमा, रेड बुल और कई गेमिंग कंपनियों के साथ उनके बड़े विज्ञापन समझौते भी हैं.

फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एमबापे भी दुनिया के सबसे अमीर फुटबॉलरों में शामिल हैं. रियल मैड्रिड से जुड़ने के बाद उनकी कमाई और बढ़ गई है. अलग-अलग रिपोर्ट के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 250 से 700 मिलियन डॉलर के बीच मानी जाती है. क्लब की सैलरी, साइनिंग बोनस और बड़े ब्रांड्स के साथ विज्ञापन उनकी कमाई का मुख्य हिस्सा हैं.

इन खिलाड़ियों के पास भी है बड़ी संपत्ति

मिस्र के स्टार मोहम्मद सालाह की कुल संपत्ति करीब 140 मिलियन डॉलर है. इसी के साथ इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन के पास भी लगभग 140 मिलियन डॉलर की संपत्ति बताई जाती है.

मैनचेस्टर सिटी के मिडफील्डर केविन डी ब्रुइन की नेट वर्थ करीब 130 मिलियन डॉलर है, जबकि टीम के युवा स्टार एर्लिंग हालैंड लगभग 100 मिलियन डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं.

एशिया से लेकर यूरोप तक कई बड़े नाम शामिल

दक्षिण कोरिया के स्टार खिलाड़ी सोन ह्युंग-मिन की कुल संपत्ति करीब 100 मिलियन डॉलर है और उन्हें एशिया के सबसे बड़े फुटबॉल सितारों में गिना जाता है. अल नास्र के सादियो माने के पास भी लगभग 100 मिलियन डॉलर की संपत्ति है.

रियल मैड्रिड के युवा खिलाड़ी विनीसियस जूनियर की नेट वर्थ करीब 80 मिलियन डॉलर बताई जाती है. वहीं, टीम के अनुभवी मिडफील्डर लुका मोड्रिक लगभग 75 मिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर फुटबॉलरों की इस सूची में शामिल हैं.

ये भी पढ़ें- France vs Morocco: फिर चला किलियन एम्बाप्पे का जादू, फ्रांस ने मोरक्को को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह