Bikaner Police Operation: राजस्थान के बीकानेर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से जुड़ी एक तस्करी की साजिश को नाकाम कर दिया है. खाजूवाला इलाके में बीकानेर पुलिस ने ड्रोन के जरिए भेजी गई करोड़ों रुपये की हेरोइन और विदेशी हथियार बरामद किए हैं.
पुलिस के मुताबिक, 'ऑपरेशन शॉक वेव' के तहत करीब 50 करोड़ रुपये की 10 किलो अफगान हेरोइन और डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के 11 आधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं. इस मामले में पाली निवासी वीरेंद्र को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है.
ड्रोन से भेजी गई थी खेप
बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई. पुलिस को पहले ही जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के जरिए भारत में नशीले पदार्थ और हथियार भेजे जाने वाले हैं. खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और ड्रोन से सामान गिराए जाने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए खेप को पकड़ लिया.
बरामद हुए विदेशी हथियार
पुलिस ने बताया कि बरामद हथियारों में तुर्की की बनी दो जिगाना पिस्टल, चार ग्लॉक पिस्टल और पांच स्टार मार्क 30 बोर पिस्टल शामिल हैं. इसके अलावा 22 मैगजीन और 100 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस तस्करी नेटवर्क के तार पंजाब तक जुड़े हुए हैं. पुलिस अब इस पूरे गिरोह और इससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है.
सीमा पार तस्करी करने वाले गिरोह पर नजर
एसपी मृदुल कच्छावा ने कहा कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ भेजने वाले गिरोह पुलिस की निगरानी में हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और किसी भी कीमत पर तस्करी की कोशिशों को सफल नहीं होने दिया जाएगा.
खुफिया जानकारी से मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, इस ऑपरेशन को सफल बनाने में मजबूत मुखबिर तंत्र और सटीक जानकारी की अहम भूमिका रही. साइबर एक्सपर्ट एएसआई दीपक यादव, कांस्टेबल श्रीराम और खाजूवाला थाना प्रभारी अशोक विश्नोई ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. अधिकारियों ने बताया कि पूरे अभियान की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की गई.
स्वतंत्रता दिवस से पहले बड़ी कामयाबी
स्वतंत्रता दिवस से पहले बीकानेर पुलिस की इस कार्रवाई को सीमा पार से चल रहे ड्रोन तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले समय में इस सिंडिकेट से जुड़े कई और खुलासे हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें- इंडोनेशिया में समुद्र के बीच यात्री जहाज में लगी भीषण आग, 5 लोगों की मौत, कई अब भी लापता