Indonesia Ferry Fire: इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास रविवार सुबह एक बड़ा समुद्री हादसा हो गया. करीब 250 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रहे एक यात्री जहाज में अचानक आग लग गई. इस हादसे में अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 41 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. राहत और बचाव का काम लगातार जारी है.
सुराबाया से मकास्सर जा रहा था जहाज
अधिकारियों के मुताबिक, KMP मुतियारा सेंटोसा 2 नाम का यह यात्री जहाज सुराबाया के तंजुंग पेराक बंदरगाह से सुलावेसी द्वीप के मकास्सर शहर के लिए रवाना हुआ था. यात्रा शुरू होने के कुछ घंटे बाद जहाज के कप्तान ने आग लगने की सूचना दी. इसके कुछ देर बाद जहाज से संपर्क पूरी तरह टूट गया, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई.
EVAKUASI KM MUTIARA SENTOSA, PENUMPANG NEKAT LONCAT!
— Daeng Info (@Daeng_Info) August 2, 2026
KM Mutiara Sentosa 2 rute Surabaya–Makassar terbakar di perairan utara Sumenep, Madura, Minggu (2/8/2026). Sekitar 250 person on board (POB) dievakuasi setelah api melahap hampir seluruh bagian kapal.https://t.co/NfxQhb0eG1 pic.twitter.com/7u2keTEyUx
आग से घिरा जहाज, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
सुराबाया सर्च एंड रेस्क्यू टीम ने बताया कि जहाज सपुडी द्वीप के उत्तर में करीब 19 नॉटिकल मील दूर मिला. जब बचाव दल मौके पर पहुंचा तो जहाज का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में था. कई यात्री जहाज के आगे वाले हिस्से और ब्रिज पर खड़े होकर मदद का इंतजार कर रहे थे. वहीं, कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगा दी.
दूसरे जहाजों ने भी की मदद
बचाव अभियान में आसपास से गुजर रहे कई जहाज भी शामिल हो गए. सुराबाया सर्च एंड रेस्क्यू कार्यालय के प्रमुख नानंग सिगित ने बताया कि TB Hasnur 26 और British Mentor नाम के जहाजों ने समुद्र में कूदे यात्रियों को सुरक्षित निकालने में मदद की.
फिलहाल चार जहाज मौके पर राहत और बचाव कार्य में लगे हैं. इसके अलावा SAR 249 Permadi नाम का बचाव पोत भी घटनास्थल के लिए भेजा गया है. अधिकारियों का कहना है कि उसे वहां पहुंचने में करीब छह घंटे लग सकते हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
इस हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं. वीडियो में जहाज की ऊपरी मंजिल से काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है. आग तेजी से पूरे जहाज में फैलती नजर आ रही है. वीडियो में कई यात्री लाइफ जैकेट पहनकर एक जगह खड़े दिखाई देते हैं, जबकि कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में कूदते भी नजर आते हैं.
आग लगने की वजह का अभी नहीं चला पता
फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है. लापता लोगों की तलाश की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि जहाज में आग कैसे लगी. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी.
ये भी पढ़ें- Jasprit Bumrah Injury: टीम इंडिया को बड़ा झटका, श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर हुए जसप्रीत बुमराह, जानिए वजह