भारत ने अपने पुराने रक्षा सहयोगी इजरायल के साथ करीब 2,000 करोड़ रुपये का बड़ा रक्षा समझौता किया है. इस डील का मकसद भारतीय नौसेना के युद्धपोतों पर तैनात बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम को अपग्रेड करना है. इसके तहत मिसाइल सिस्टम के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर में बदलाव किए जाएंगे, जिससे इसकी क्षमता और बेहतर हो सकेगी.
रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI) के साथ 1,976.40 करोड़ रुपये का अनुबंध किया. इस समझौते में बराक मिसाइल सिस्टम के अपग्रेडेशन के साथ पुराने हो चुके पुर्जों और तकनीक से जुड़ी समस्याओं को दूर करना भी शामिल है. इससे भारतीय नौसेना के युद्धपोतों की हवाई सुरक्षा और मजबूत होने की उम्मीद है.
बराक मिसाइल सिस्टम में होंगे बड़े बदलाव
इस समझौते के तहत इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज भारतीय नौसेना के जहाजों पर लगे बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर को अपग्रेड करेगी. इससे सिस्टम की तकनीकी क्षमता में सुधार होगा और उसकी हवाई खतरों से निपटने की ताकत बढ़ेगी.
अपग्रेडेशन के बाद यह सिस्टम दुश्मन की मिसाइलों और दूसरे हवाई हमलों का बेहतर तरीके से मुकाबला कर सकेगा. साथ ही इसकी रेंज और काम करने की क्षमता में भी सुधार किया जाएगा.
क्या है बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम?
बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम भारतीय नौसेना के युद्धपोतों की सुरक्षा के लिए इस्तेमाल किया जाता है. इसे खास तौर पर दुश्मन की ओर से आने वाली मिसाइलों और हवाई खतरों को रोकने के लिए तैयार किया गया है.
समुद्र में तैनात युद्धपोतों को कई तरह के हवाई हमलों का खतरा रहता है. ऐसे में बराक सिस्टम जहाजों के आसपास सुरक्षा कवच की तरह काम करता है. इसके अपग्रेड होने से भारतीय नौसेना के जहाजों की सुरक्षा क्षमता और मजबूत होगी.
18 नवंबर को हुआ भारत-इजरायल समझौता
भारत और इजरायल के बीच यह समझौता 18 नवंबर को नई दिल्ली में हुआ. इस दौरान रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह मौजूद रहे. रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस परियोजना में पुराने पड़ चुके उपकरणों और तकनीक को बदलने पर भी ध्यान दिया जाएगा.
मिसाइल और हवाई हमले की तकनीक लगातार बेहतर हो रही है. ऐसे में भारतीय नौसेना के लिए अपने मौजूदा एयर डिफेंस सिस्टम को आधुनिक बनाना जरूरी है. बराक मिसाइल सिस्टम का अपग्रेडेशन इसी दिशा में उठाया गया कदम है. इससे भारतीय युद्धपोत बदलते हवाई खतरों का सामना करने के लिए पहले से ज्यादा तैयार हो सकेंगे.
ये भी पढ़ें- न्यूक्लियर ब्रीफकेस लेकर चीन पहुंचे पुतिन, एक इशारे पर एक्टिव हो जाएगा रूस का परमाणु कमांड सिस्टम