न्यूक्लियर ब्रीफकेस लेकर चीन पहुंचे पुतिन, एक इशारे पर एक्टिव हो जाएगा रूस का परमाणु कमांड सिस्टम

पुतिन के साथ चीन पहुंचे एक खास ब्रीफकेस की तस्वीरें चर्चा में हैं. यह कोई आम ब्रीफकेस नहीं, बल्कि रूस का न्यूक्लियर ब्रीफकेस है, जिसे 'चेगेट' कहा जाता है.

Vladimir Putin arrives in China carrying the nuclear briefcase Apec Summit
Image Source: Social Media

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इन दिनों चीन के शेन्जेन शहर में हैं. यहां 18 और 19 नवंबर को होने वाले APEC शिखर सम्मेलन में दुनिया के कई बड़े नेता हिस्सा ले रहे हैं. इस बीच पुतिन के साथ चीन पहुंचे एक खास ब्रीफकेस की तस्वीरें चर्चा में हैं. यह कोई आम ब्रीफकेस नहीं, बल्कि रूस का न्यूक्लियर ब्रीफकेस है, जिसे 'चेगेट' कहा जाता है. इसका इस्तेमाल रूस के परमाणु हथियारों से जुड़े आदेश भेजने और कमांड सिस्टम से संपर्क बनाए रखने के लिए किया जाता है.

रिपोर्ट के मुताबिक, रूस का एक नौसेना अधिकारी इस काले ब्रीफकेस को लेकर पुतिन के होटल के बाहर दिखाई दिया. आमतौर पर इस ब्रीफकेस को लोगों की नजरों से दूर रखा जाता है, लेकिन चीन में इसकी तस्वीरें सामने आने के बाद इसकी चर्चा शुरू हो गई है.

पुतिन के होटल के बाहर दिखा न्यूक्लियर ब्रीफकेस

चीन में पुतिन जिस होटल में अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ ठहरे हुए हैं, उसके बाहर रूसी नौसेना की वर्दी पहने एक अधिकारी को काला ब्रीफकेस लेकर जाते देखा गया. इस दौरान एक रूसी पत्रकार ने अधिकारी से पूछा कि क्या यह न्यूक्लियर ब्रीफकेस है? अधिकारी ने हां में जवाब दिया.

इस ब्रीफकेस को रूस की परमाणु कमांड व्यवस्था का अहम हिस्सा माना जाता है. इसके जरिए राष्ट्रपति को परमाणु हथियारों से जुड़े कमांड नेटवर्क से संपर्क बनाए रखने की सुविधा मिलती है. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि राष्ट्रपति देश से बाहर होने पर भी परमाणु कमांड सिस्टम से जुड़े रहें.

क्या काम करता है रूस का न्यूक्लियर ब्रीफकेस?

रूस के इस खास ब्रीफकेस का नाम चेगेट है. यह रूस के काजबेक नाम के इलेक्ट्रॉनिक कमांड और कंट्रोल सिस्टम से जुड़ा होता है. इसका मुख्य काम संकट के समय सुरक्षित संचार उपलब्ध कराना और परमाणु हथियारों से जुड़ी कमांड व्यवस्था तक पहुंच बनाए रखना है.

इस ब्रीफकेस को हमेशा राष्ट्रपति के साथ रखा जाता है. विदेश दौरे पर भी इसे उनसे अलग नहीं किया जाता. इसे रूसी नौसेना के विशेष अधिकारी संभालते हैं. इसकी सुरक्षा बेहद सख्त होती है और इससे जुड़े कोड तथा दूसरी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं.

अमेरिका के राष्ट्रपति के साथ भी रहता है न्यूक्लियर फुटबॉल

रूस की तरह अमेरिका के राष्ट्रपति के साथ भी परमाणु हथियारों से जुड़ा एक खास ब्रीफकेस रहता है. इसे न्यूक्लियर फुटबॉल कहा जाता है. अमेरिकी राष्ट्रपति जब भी विदेश यात्रा पर जाते हैं, तो एक सैन्य अधिकारी इस ब्रीफकेस को अपने साथ लेकर चलता है.

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी चीन पहुंचे हैं. ऐसे में उनके साथ भी न्यूक्लियर फुटबॉल मौजूद है, हालांकि इसकी तस्वीरें सामने नहीं आई हैं.

रूस और अमेरिका दोनों के पास दुनिया के सबसे बड़े परमाणु हथियारों के जखीरे हैं. ऐसे में दोनों देशों के राष्ट्रपतियों के पास मौजूद ये ब्रीफकेस उनकी परमाणु कमांड व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं.

ट्रंप और शी जिनपिंग से भी मिलेंगे पुतिन

व्लादिमीर पुतिन APEC शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बुधवार तड़के चीन के शेन्जेन पहुंचे. इस सम्मेलन में कई देशों के नेता शामिल हो रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को पुतिन की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ त्रिपक्षीय बैठक होनी है.

ऐसे में पुतिन के साथ चीन पहुंचे न्यूक्लियर ब्रीफकेस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों का ध्यान खींचा है. हालांकि, यह ब्रीफकेस पुतिन की विदेश यात्राओं में सुरक्षा और परमाणु कमांड व्यवस्था का नियमित हिस्सा है.

ये भी पढ़ें- दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बनेगा इस्लाम, ईसाइयों को पीछे छोड़ देंगे मुस्लिम, जानें हिंदुओं की स्थिति