मार्च में ही आग उगल रहा आसमान, दिल्ली के लिए IMD ने जारी कर दी ये चेतावनी; पढ़िए बाकी राज्यों का हाल

दक्षिण भारत के राज्यों और ओडिशा में पारा 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है.

IMD has issued this warning for Delhi
प्रतीकात्मक तस्वीर | Photo: ANI

मौसम में हो रहे बदलाव ने कई राज्यों में गर्मी और बारिश के बीच में एक असामान्य स्थिति बना दी है. मौसम विभाग ने सोमवार के लिए देश के कई हिस्सों में हीटवेव और गर्मी की चेतावनी जारी की है. खासतौर पर दक्षिण भारत के राज्यों और ओडिशा में पारा 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जबकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और गुजरात में भी तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. रविवार को दिल्ली में धूप खिली रही और पारा 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

येलो अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गोवा के लिए सोमवार और मंगलवार को येलो अलर्ट जारी किया है, क्योंकि इस दौरान राज्य में गर्मी और उमस की स्थिति रहने की संभावना है. IMD के अनुसार, येलो अलर्ट तब जारी किया जाता है जब दो दिनों तक किसी क्षेत्र में हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना हो. गोवा में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है. इसके अलावा, कर्नाटक के तटीय इलाकों में भी तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. अगले 24 घंटों में आसमान साफ ​​रहने की संभावना है और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. IMD का पूर्वानुमान है कि अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21-23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा.

बारिश और बर्फबारी की संभावना

रविवार को गोवा में येलो अलर्ट की चेतावनी का पहला दिन था, और इस दौरान राजधानी पणजी में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस अधिक था. वहीं, मोरमुगाओ में 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था. दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है. रविवार को विदर्भ का ब्रह्मपुरी इलाका देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान से लेकर उत्तर-पूर्वी गोवा तक तापमान लगातार बढ़ने की संभावना है.

इसके साथ ही, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने 3 और 4 मार्च को इन क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है. इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में भी बारिश होने की संभावना है, जो दिल्ली-एनसीआर के मौसम को भी प्रभावित कर सकता है. दिल्ली में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के नीचे रह सकता है, और यहां भी हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है.

ये भी पढ़ेंः 'मां यमुना के साथ अन्याय करने वालों को कभी शांति नहीं मिलेगी', बोलीं दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता