देश में लॉकडाउन लगेगा या नहीं? सरकार ने दे दिया जवाब, हरदीप सिंह पुरी ने बताई कैसी है तैयारी

ईरान से जुड़े वैश्विक तनाव के बीच देश में लॉकडाउन लगाए जाने की खबरें तेजी से फैल रही थीं.

Will there be a lockdown in India or not Hardeep Singh Puri replied
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

ईरान से जुड़े वैश्विक तनाव के बीच देश में लॉकडाउन लगाए जाने की खबरें तेजी से फैल रही थीं. अब केंद्र सरकार ने इन सभी अटकलों पर साफ तौर पर विराम लगा दिया है. केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्पष्ट किया है कि भारत में लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है और इस तरह की खबरें पूरी तरह गलत हैं.

सरकार का कहना है कि देश में लॉकडाउन लागू करने जैसा कोई प्रस्ताव न तो तैयार किया गया है और न ही इस पर कोई विचार चल रहा है.

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही ऐसी बातें निराधार हैं और लोगों में बेवजह डर पैदा करती हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.

क्या ईंधन की कमी का खतरा है?

सरकार ने यह भी साफ किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल या गैस की कोई कमी नहीं है.

  • भारत के पास पर्याप्त तेल और गैस का स्टॉक मौजूद है
  • अगले 60 दिनों की सप्लाई पहले से सुरक्षित कर ली गई है
  • देश अब 41 से ज्यादा देशों से कच्चा तेल आयात कर रहा है

इन व्यवस्थाओं के चलते अंतरराष्ट्रीय संकट का असर भारत की सप्लाई पर सीमित रहने की संभावना है.

तेल कंपनियों ने भी बढ़ाई तैयारी

स्थिति को संभालने के लिए तेल कंपनियों ने भी अपनी तैयारियां मजबूत कर ली हैं.

  • पेट्रोल पंप डीलरों को पहले से ज्यादा क्रेडिट दिया जा रहा है
  • सप्लाई चेन को मजबूत किया गया है
  • किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं

सरकार का कहना है कि भारत पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यातक देश भी है, इसलिए “नेशनल एनर्जी इमरजेंसी” जैसी कोई स्थिति फिलहाल नहीं है.

क्या ईरान-इजरायल तनाव का असर पड़ेगा?

वैश्विक स्तर पर इस संघर्ष का असर जरूर दिख रहा है, खासकर तेल की कीमतों और सप्लाई पर. लेकिन भारत ने पहले से ही वैकल्पिक इंतजाम कर लिए हैं.

अलग-अलग देशों से आयात बढ़ाने की रणनीति अपनाई गई है, जिससे किसी एक क्षेत्र पर निर्भरता कम हो गई है.

ये भी पढ़ें- भारत में सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल! तेल संकट के बीच सरकार ने एक्साइज ड्यूटी घटाई, कितना होगा फायदा?