होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय नाविकों वाले तेल टैंकर पर हमला, प्रोजेक्टाइल से बनाया निशाना, सभी सुरक्षित

Hormuz Strait Attack: लाइबेरिया के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर MT NAVIG8 MESSI पर फारस की खाड़ी में प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया. जहाज पर तीन भारतीय नाविक सवार थे, सभी सुरक्षित हैं; एक अधिकारी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया.

hormuz-strait-oil-tanker-attack-indian-sailors-safe
Image Source: Social Media

Hormuz Strait Attack: होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास समुद्री जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. बुधवार, 18 नवंबर को भारतीय नाविकों को लेकर जा रहे एक और तेल टैंकर पर हमला किया गया. लाइबेरिया के झंडे वाला कच्चे तेल का टैंकर MT NAVIG8 MESSI फारस की खाड़ी से होर्मुज स्ट्रेट की ओर बढ़ रहा था, तभी उस पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ. इस घटना ने समुद्री मार्ग से गुजरने वाले भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

टैंकर पर सवार थे तीन भारतीय नाविक

हमले के समय MT NAVIG8 MESSI पर तीन भारतीय नाविक मौजूद थे. केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि जहाज के सभी क्रू मेंबर सुरक्षित हैं. हालांकि, एक भारतीय अधिकारी को उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है. राहत की बात यह है कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है.

सरकार ने शुरू की निगरानी

सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है. अधिकारियों को जहाज का संचालन करने वाली कंपनी के संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी नाविकों की सुरक्षा, चिकित्सा सहायता और अन्य जरूरतों का ध्यान रखा जा सके. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि हमले के पीछे किसका हाथ है. प्रोजेक्टाइल की प्रकृति और जहाज को हुए नुकसान के बारे में भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

दो दिन पहले LPG टैंकर को भी बनाया गया था निशाना

होर्मुज स्ट्रेट के आसपास यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले 16 नवंबर को पनामा के झंडे वाले LPG टैंकर TARA GAS पर भी हमला हुआ था. इस घटना की जानकारी 17 नवंबर को सामने आई थी. जहाज पर कुल 25 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 24 भारतीय नागरिक शामिल थे. हमले के बाद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित बताए गए थे. इससे पहले 17 नवंबर को पनामा के झंडे वाले एक अन्य जहाज पर भी हमला हुआ था, जिस पर 24 भारतीय सवार थे.

भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

लगातार हो रही इन घटनाओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. इस समुद्री रास्ते पर तेल और गैस की बड़ी मात्रा का परिवहन होता है. ऐसे में यहां किसी भी तरह की सैन्य या सुरक्षा संबंधी गतिविधि का असर अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार पर पड़ सकता है. भारतीय जहाजों और नाविकों की मौजूदगी को देखते हुए भारत सरकार के लिए भी इन घटनाओं पर नजर रखना महत्वपूर्ण हो गया है.

वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम है होर्मुज

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में शामिल है. वैश्विक तेल आपूर्ति का करीब 20 फीसदी हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है. भारत भी अपनी कच्चे तेल की जरूरतों के लिए इस मार्ग पर काफी हद तक निर्भर है. ऐसे में यहां जहाजों पर लगातार हो रहे हमले न केवल नाविकों की सुरक्षा, बल्कि भारत के ऊर्जा हितों और वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए भी गंभीर चिंता का विषय बन गए हैं.

ये भी पढ़ें- भारतीय हथियारों का फैन हुआ फिलीपींस! ब्रह्मोस के बाद आकाश और पिनाका भी खरीदेगा, चीन की बढ़ेगी बेचैनी?