राहुल गांधी ने पूर्व PM मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि, कहा- मैंने अपना मार्गदर्शक खो दिया

अपने शोक संदेश में राहुल ने कहा- मनमोहन सिंह जी ने अपार बुद्धि और ईमानदारी के साथ भारत का नेतृत्व किया. उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया.

राहुल गांधी ने पूर्व PM मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि, कहा- मैंने अपना मार्गदर्शक खो दिया
पू्र्व पीएम मनमोहन सिंह के आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे | Photo- ANI

नई दिल्ली : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी और संवेदना जताई.

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी पूर्व पीएम के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.

यह भी पढे़ं : मनमोहन सिंह को दयालु इंसान, विद्वान अर्थशास्त्री, रिफॉर्म्स को समर्पित नेता के तौर याद किया जाएगा : PM Modi

राहुल गांधी ने कहा- मैंने अपना मार्गदर्शक खो दिया है, खरगे ने उन्हें बताया आसाधरण

अपने शोक संदेश में लोकसभा एलओपी ने कहा, "मनमोहन सिंह जी ने अपार बुद्धि और ईमानदारी के साथ भारत का नेतृत्व किया. उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया. श्रीमती कौर और परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना. मैंने एक और मार्गदर्शक खो दिया है. हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे."

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को श्रद्धांजलि अर्पित की. राष्ट्र के लिए उनकी विशिष्ट सेवा और असाधारण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा."

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, देवेंद्र यादव और कई अन्य पार्टी नेता भी पूर्व पीएम के आवास पर मौजूद थे.

कई नेताओं और हस्तियों ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पर पहुंचे. उन्होंने दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.

92 साल की उम्र में एम्स में हुआ निधन, पार्टी मुख्यालय पर रखा जाएगा सिंह का पार्थिव शरीर

मनमोहन सिंह का गुरुवार शाम को 92 साल की उम्र में उम्र संबंधी बीमारियों के कारण दिल्ली के एम्स में निधन हो गया. घर पर उन्हें अचानक बेहोशी छाने लगी जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एम्स ले जाया गया.

पूर्व पीएम के पार्थिव शरीर को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में जनता के दर्शन के लिए रखा जाएगा. कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के अनुसार, शनिवार को सुबह 8:00 से 10:00 बजे के बीच 'अंतिम दर्शन' का कार्यक्रम है.

राहुल गांधी और सोनिया गांधी सहित पार्टी के सभी नेता AICC कार्यालय में पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि देंगे, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा.

आर्थिक सुधारों के लिए चर्चित सिंह का राजघाट के पास होगा अंतिम संस्कार

भारत के वित्त मंत्री के रूप में 1991 के आर्थिक उदारीकरण सुधारों को शुरू करने के लिए प्रसिद्ध सिंह का अंतिम संस्कार राजघाट के पास किया जाएगा, जहां प्रधानमंत्रियों का अंतिम संस्कार किया जाता है.

मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को हुआ था. अर्थशास्त्री होने के अलावा, मनमोहन सिंह ने 1982-1985 तक भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर के रूप में कार्य किया. वे 2004-2014 तक अपने कार्यकाल के साथ भारत के 13वें प्रधानमंत्री थे और जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के बाद सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री थे.

पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में मनमोहन रहे थे वित्तमंत्री, किए थे बड़े आर्थिक सुधार

पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में भारत के वित्त मंत्री के रूप में कार्य करते हुए, सिंह को 1991 में देश में आर्थिक उदारीकरण का श्रेय दिया जाता है. सुधारों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को विदेशी निवेशकों के लिए अधिक सुलभ बना दिया, जिससे एफडीआई में वृद्धि हुई और सरकारी नियंत्रण कम हो गया.

इसने देश की आर्थिक वृद्धि में बहुत योगदान दिया.

मनमोहन सिंह की सरकार ने राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (नरेगा) भी पेश किया, जिसे बाद में मनरेगा के रूप में जाना जाने लगा.

सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) 2005 में मनमोहन सिंह सरकार के तहत पारित किया गया था, जिसने सरकार और जनता के बीच सूचना की पारदर्शिता को बेहतर बनाया. डॉ. मनमोहन सिंह 33 साल तक सेवा देने के बाद इस साल की शुरुआत में राज्यसभा से रिटायर हुए थे.

यह भी पढ़ें : राष्ट्रपति मुर्मू, Modi, शाह, राहुल, खरगे ने मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि- सारे कार्यक्रम रद्द, 7 दिन का शोक