'जहां कांग्रेस के दिमाग का ताला बंद होता है, वहां से हमारा काम शुरू होता है', असम में गरजे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम दौरे के दौरान कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस की सोच रुक जाती है, वहीं से उनकी सरकार का काम शुरू होता है.

PM Modi Silchar Assam Bhoomi Pujan of Shillong-Silchar Corridor
Image Source: ANI

सिलचर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम दौरे के दौरान कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस की सोच रुक जाती है, वहीं से उनकी सरकार का काम शुरू होता है.

प्रधानमंत्री ने असम में करीब 24,000 करोड़ रुपये की लागत वाले शिलांग–सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन किया और सिलचर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और आने वाले समय में वह अपनी हार का नया रिकॉर्ड बनाने वाली है.

नॉर्थ-ईस्ट को कांग्रेस ने नजरअंदाज किया: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद कई दशकों तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन उन्होंने नॉर्थ-ईस्ट को विकास से दूर रखा. उनके मुताबिक कांग्रेस ने इस क्षेत्र को दिल्ली से भी दूर रखा और दिल से भी दूर कर दिया था.

उन्होंने कहा कि अब भाजपा की डबल इंजन सरकार ने नॉर्थ-ईस्ट को बेहतर कनेक्टिविटी और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है.

एक्ट ईस्ट पॉलिसी का केंद्र बना नॉर्थ-ईस्ट

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज नॉर्थ-ईस्ट भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का अहम केंद्र बन चुका है और यह दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों से भारत को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण सेतु बन रहा है.

बराक घाटी के विकास का मुद्दा

पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद भी लंबे समय तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन बराक घाटी के विकास के लिए कोई ठोस काम नहीं किया गया.

उन्होंने कहा कि शिलांग-सिलचर कॉरिडोर जैसे बड़े प्रोजेक्ट से इस क्षेत्र के लोगों का दशकों पुराना इंतजार खत्म होगा. इस कॉरिडोर से सिलचर के साथ-साथ मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी.

“हम बॉर्डर के गांवों को पहला गांव मानते हैं”

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार उन क्षेत्रों को प्राथमिकता देती है जो विकास की दौड़ में पीछे रह गए. उन्होंने कहा कि पहले सरकारें सीमा के गांवों को देश का आखिरी गांव मानती थीं, जबकि उनकी सरकार उन्हें देश का पहला गांव मानती है.

उन्होंने बताया कि इसी सोच के तहत कछार जिले से वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम का अगला चरण शुरू किया गया है, जिससे बराक घाटी के कई गांवों को फायदा मिलेगा.

किसानों और युवाओं का भी जिक्र

पीएम मोदी ने किसानों के मुद्दे पर भी कांग्रेस की आलोचना की. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसानों के लिए लगातार योजनाएं चला रही है और हाल ही में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की नई किस्त जारी की गई है.

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पहले असम के युवाओं को हिंसा और आतंकवाद के माहौल में उलझाकर रखा गया था, लेकिन अब राज्य में युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं.

ये भी पढ़ें- भारतीय जहाजों के लिए खुला स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज! LPG लेकर आ रहे दो टैंकर, ईरान के साथ हो गई डील?