नैनीताल में बड़ा सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी उत्तराखंड रोडवेज की बस; 4 की मौत, 21 घायल

उत्तराखंड के नैनीताल के भीमताल इलाके में बुधवार को एक रोडवेज बस के करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई.

4 died 21 injured after bus falls into gorge in Uttarakhand Bhimtal
नैनीताल में बड़ा सड़क हादसा | Photo: ANI

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल के भीमताल इलाके में बुधवार को एक रोडवेज बस के करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और 21 लोग घायल हो गए.

एसपी नैनीताल, जगदीश चंद्र ने कहा कि चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस गहरी खाई में गिर गई.

बस पिथौरागढ़ से हल्द्वानी जा रही थी

एसपी नैनीताल ने कहा, "एक रोडवेज बस पिथौरागढ़ से हल्द्वानी जा रही थी. चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस गहरी खाई में गिर गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बचा लिया गया है. 21 लोग घायल हुए हैं और 4 लोगों की मौत हो गई है."

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना में चार लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की.

धामी ने किया एक्स पर पोस्ट

पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर पोस्ट किया, "भीमताल के पास हुए दुर्भाग्यपूर्ण बस हादसे में 4 लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें."

सीएम धामी ने कहा, "गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल हल्द्वानी में किया जा रहा है और एम्स ऋषिकेश से डॉक्टरों की एक टीम भी हल्द्वानी भेजी गई है. मैं ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं." अधिकारियों के अनुसार, बस रोडवेज की थी और भीमताल से हल्द्वानी जा रही थी, जिसमें 20 से 25 लोग सवार थे. सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाया.

ये भी पढ़ेंः दिल्ली क्राइम ब्रांच ने किया हनी ट्रैप रैकेट का भंडाफोड़, पैसे ऐंठने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार