अयोध्या के राम मंदिर में इस समय रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए जोरशोर से तैयारी चल रही हैं. 22 जनवरी को इस उत्सव में देश के कोने-कोने से हजारों लोग शामिल होंगे. इसके अलावा कई लोग पैदल अयोध्या जाने के लिए निकल गए हैं. लेकिन इन सबके बीच राजस्थान के कोटपुतली जिले का एक 10 साल का बच्चा चर्चा का विषय बन गया है. दरअसल, उसने स्केटिंग करते हुए आयोध्या जाने का प्रण लिया है. यह बच्चा नौ दिन में 700 किलो मीटर का सफर तय करेगा. इस बच्चे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसे देखने के बाद लोग उसकी हिम्मत और भगवान श्रीराम के प्रति उसकी आस्था का गुणगान कर रहे हैं.
परिवार जाएगा कार में
सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने वाला यह बच्चा राजस्थान के कोटपुतली जिले में रहता है और इसका नाम हिमांशु है. जो महज सातवीं क्लास में पढ़ता है लेकिन उसके इरादे की हर कोई तारीफ कर रहा है. 10 साल के हिमांशु ने बताया कि उसने एक दिन यूट्यूब पर देखा कि राम मंदिर के उत्सव में शामिल होने के लिए लोग पैदल अयोध्या जा रहे हैं. जिसके बाद उसने स्केटिंग करते हुए अयोध्या जाने का फैसला किया. उसने बताया कि उसके बड़े माता-पिता और बड़ा भाई साथ जा रहे हैं. हालांकि वे सब कार में जा रहे हैं और उसके लिए जरूरी सामान का प्रबंध किया गया है.
कहां-कहां से होकर जाएगा हिमांशु अयोध्या जाने के लिए
हिमांशु ने आगे बताया कि वह 16 जनवरी को अयोध्या पहुंच जाएगा. उसे कोटपुतली से अयोध्या तक 700 किलो मीटर यात्रा पूरी करने में 8-9 दिन लग सकते हैं. बता दें कि हिमांशु स्केटिंग करते हुए सबसे पहले कोटपुतली से बनासूर के रास्ते अलवर जाएगा. इसके बाद भरतपुर, आगरा होते हुए लखनऊ से अयोध्या पहुंचेगा. इस यात्रा के लिए सारा खर्च उसके माता-पिता उठाएंगे. वहीं, हिमांशु ने कहा कि जो लोग अयोध्या नहीं जा रहे हैं वे 22 जनवरी को अपने घर पर पांच दीपक जरूर जलाएं.