Petrol Price Hike: अगर आप अपनी कार या बाइक में प्रीमियम पेट्रोल का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. 20 मार्च 2026 से तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए हैं, जिससे आपकी जेब पर सीधा असर पड़ेगा.
तेल विपणन कंपनियों यानी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम में बढ़ोतरी कर दी है. रिपोर्ट के मुताबिक, इसकी कीमत में करीब 2 से 2.3 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा हुआ है. यह नई कीमतें आज सुबह 6 बजे से पूरे देश में लागू हो चुकी हैं.
किन ब्रांड्स पर पड़ा असर?
इस बढ़ोतरी का असर खास तौर पर हाई-ग्रेड पेट्रोल पर पड़ा है. इसमें हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड का ‘पावर’ पेट्रोल और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड का ‘XP95’ जैसे फ्यूल शामिल हैं.
आमतौर पर लोग अपनी महंगी कारों और नई टेक्नोलॉजी वाली बाइक्स में बेहतर परफॉर्मेंस के लिए इस तरह के पेट्रोल का इस्तेमाल करते हैं. अब कीमत बढ़ने के बाद, ऐसे वाहन चलाने वालों का महीने का खर्च थोड़ा बढ़ना तय है.
क्यों बढ़े दाम?
इस कीमत बढ़ने के पीछे सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय हालात हैं. खासकर मध्य पूर्व में चल रहा तनाव. जब इस इलाके में तनाव बढ़ता है, तो कच्चे तेल की सप्लाई और कीमतों पर असर पड़ता है. इसका सीधा असर भारत जैसे देशों पर भी पड़ता है, जो तेल आयात करते हैं. इसी दबाव को देखते हुए कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है.
आम पेट्रोल यूजर्स के लिए राहत
अगर आप अपनी गाड़ी में सामान्य पेट्रोल डलवाते हैं, तो आपके लिए राहत की बात है. कंपनियों ने साफ कर दिया है कि रेगुलर पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. यानी रोजमर्रा के इस्तेमाल करने वालों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा.
आपकी जेब पर कितना असर?
अगर आप रोजाना या ज्यादा दूरी तय करते हैं और प्रीमियम पेट्रोल इस्तेमाल करते हैं, तो महीने के खर्च में थोड़ा इजाफा जरूर देखने को मिलेगा. हालांकि, यह बढ़ोतरी फिलहाल सिर्फ प्रीमियम फ्यूल तक ही सीमित है, इसलिए आम लोगों को ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है.
ये भी पढ़ें- जिस IRGC ब्रिगेडियर ने ट्रंप की दी थी चुनौती, उसे अमेरिका ने मार गिराया; ईरान को लगा तगड़ा झटका