मथुरा: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने संत के प्रवचन सुने और आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा भी की. मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति ने संत को उनके जन्मदिन की बधाई दी और उनका आशीर्वाद लिया.
राष्ट्रपति सुबह वृंदावन धाम के राधा केली कुंज स्थित आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज को हाथ जोड़कर प्रणाम किया. संत ने ‘राधे-राधे’ कहकर उनका स्वागत किया. दोनों के बीच धर्म, आध्यात्म और समाज से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई. यह मुलाकात खास रही क्योंकि एक दिन पहले ही संत प्रेमानंद महाराज का जन्मदिन था.
तीन दिवसीय दौरे पर हैं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति मुर्मू 19 मार्च से उत्तर प्रदेश के तीन दिन के दौरे पर हैं. पहले दिन वह अयोध्या गई थीं, जहां उन्होंने श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन किया और विशेष धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. इसके बाद वह मथुरा पहुंचीं और यहां भी कई मंदिरों में पूजा-अर्चना की.
इस्कॉन मंदिर में की पूजा-अर्चना
वृंदावन में राष्ट्रपति ने इस्कॉन मंदिर में भी दर्शन किए और आरती में भाग लिया. उन्होंने श्रील प्रभुपाद की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की और नाम संकीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुईं.
राष्ट्रपति ने मंदिर परिसर में गौर-नितई, कृष्ण-बलराम और श्याम सुंदर विग्रहों के दर्शन भी किए और वहां मौजूद श्रद्धालुओं के साथ समय बिताया.
आज कई कार्यक्रमों में होंगी शामिल
राष्ट्रपति शुक्रवार को रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम (धर्मार्थ अस्पताल) के नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन करेंगी. इसके अलावा वह वात्सल्य ग्राम का भी दौरा करेंगी.
साथ ही वह वृंदावन में बाबा नीम करोली की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए भी जा सकती हैं और अन्य आश्रमों का भ्रमण करेंगी.
शनिवार को गोवर्धन परिक्रमा
अपने दौरे के तीसरे दिन शनिवार को राष्ट्रपति गोवर्धन जाएंगी. यहां वह दानघाटी मंदिर में दर्शन-पूजन और आरती में शामिल होंगी और गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा भी करेंगी.
मथुरा में अपने पहले दिन राष्ट्रपति ने गुरुकुल के बच्चों से मुलाकात की और उन्हें टॉफियां व चॉकलेट दीं. हालांकि खराब मौसम और बारिश के कारण गौ-पूजन का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा.
ये भी पढ़ें- आर्मी, नेवी, एयरफोर्स... तीनों सेनाओं को मिलाकर बनेगा 'थिएटर कमांड', रक्षा मंत्रालय ने क्या कहा?