India Vs England Test Match: 'टेस्ट क्रिकेट खेलने की भूख होनी चाहिए..', रोहित का श्रेयस- ईशान पर तंज

India Vs England Test Match: 'टेस्ट क्रिकेट खेलने की भूख होनी चाहिए..', रोहित का श्रेयस- ईशान पर तंज

रांची (झारखंड):  भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने रांची में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में जीत के बाद अप्रत्यक्ष तौर श्रेयस अय्यर और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों पर तंज कसा है। रोहित ने ध्रुव जुरेल, सरफराज, यशस्वी, रजत पाटीदार जैसे नये उभरते हुए खिलाड़ियों की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि टेस्ट फॉर्मेट में उन्हीं को जगह मिलेगी जिनमें इसे खेलने को लेकर भूख होगी। रोहित ने यह बात एक कान्फ्रेंस के दौरान कही।

भारतीय कप्तान ने कहा, “जिन लोगों में भूख है हम उन्हीं लोगों को मौका देंगे। अगर भूख नहीं है तो उनको खेलाने का कोई मतलब नहीं है।“ उन्होंने इस दौरान यशस्वी जायसवाल, सरफराज, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप जैसे उभरते हुए खिलाड़ियों की तारीफ की। रोहित का यह बयान अप्रत्यक्ष तौर से श्रेयस अय्यर, ईशान किशन पर तंज माना जा रहा है।

BCCI के आदेश के बीच रोहित का बयान

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित का यह बयान उस समय आया है जब बीसीसीआई ने अपने एक आदेश में ईशान किशन, श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ियों को रणजी ट्रॉफी खेलने को कहा है।

रोहित ने कहा, “मैंने अभी इस टीम में ऐसा कोई खिलाड़ी नहीं देखा जो भूखा नहीं हो। सारे लड़के जो यहां हैं और जो नहीं हैं वे खेलना चाहते हैं। लेकिन टेस्ट क्रिकेट में आपको कम मौके मिलते हैं। अगर आप उनका फायदा नहीं उठाते तो वे बाहर चले जाते हैं।“

रोहित ने टेस्ट को सबसे मुश्किल फॉर्मेट बताया

रोहित ने टेस्ट को सबसे मुश्किल फॉर्मेट बताया। उन्होंने कहा, “टेस्ट क्रिकेट सबसे कठिन फॉर्मेट है। अगर आप इस फार्मेट में उत्कृष्टता और सफलता पाना चाहते हैं तो आपको भूख दिखानी होगी।“

वहीं दूसरी तरफ ईशान किशन झारखंड के लिए रणजी ट्रॉफी नहीं खेले। लेकिन अगले महीने होने जा रहे आईपीएल मैच के लिए वह मुंबई इंडियंस के अपने कप्तान हार्दिक के साथ बड़ौदा में प्रैक्टिस मैच खेलते देखे गये।