पुणे, न्यूज डेस्क: Maharashtra Crime News महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पर मिठाईलाल नाम के एक शख्स की 8 बेटियां हुईं तो वह बेटे की चाह में दूसरी शादी करने की योजना बनाने लगे. इसका पता जब पत्नी को लगा तो उसने 5 लाख रुपये में पति की हत्या की सुपारी दे दी. सुपारी लेकर दो हमलावरों ने पति पर चाकुओं के करीब दो दर्जन वार किए. इसके बाद मिठाईलाल को मरा समझकर फरार हो गए. वहीं, परिजनों ने घायल मिठाईलाल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
पति-पत्नी के बीच होता था झगड़ा
बताया जा रहा है कि बेटे की चाह में मिठाईलाल अक्सर दुखी रहता था. इतना ही नहीं वह अपनी पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से भी प्रताड़ित करता था. इस बीच जैसे ही पत्नी रत्ना को पति मिठाई लाल की दूसरी शादी की योजना के बारे में पता चला तो वह आग बबूला हो गई. गुस्साई रत्ना ने पड़ोस में ही रहने वाले दो युवकों की हत्या करने के लिए 5 लाख की सुपारी दे डाली.
सोते समय किया हमला
निगड़ा थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर नाथा केकान का कहना है कि पत्नी रत्ना ने पूरी योजना बनाकर दो युवकों को पति मिठाईलाल की मारने की सुपारी दी थी. इसके तहत 7 दिसंबर की रात को करीब 9 बजे रत्ना बाहर घूमने गई. इस बीच उसने सुपारी किलर दोनों युवकों को बता दिया कि पति मिठाई लाल घर में सोया हुआ है. इस पर दोनों युवक घर में घुसे और सोते मिठाई लाल पर ताबड़तोड़ दो दर्जन बार चाकुओं से हमला कर दिया. इसके बाद मरा समझकर फरार हो गए. इस बीच घर के बाकी सदस्य ने तत्काल मिठाई लाल को अस्पताल में पहुंचाया. जांच में जुटी पुलिस ने पत्नी रत्ना के अलावा दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.