Weather: 8 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट, आपके यहां कैसा रहेगा मौसम?

देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

Weather Rain with thunderstorm in 8 states IMD issued alert
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Today Weather: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. कुछ जगहों पर तेज हवाओं और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. हालांकि अगले 5-6 दिनों में कुछ क्षेत्रों में मौसम थोड़ा शांत हो सकता है, लेकिन कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर बना रहेगा.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जहां न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. इससे लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना बना हुआ है.

दिल्ली-एनसीआर (10 से 12 अप्रैल)

दिल्ली-एनसीआर में आने वाले कुछ दिनों तक मौसम संतुलित रहने की संभावना है. आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे और धूप के साथ बादलों की आवाजाही जारी रहेगी. इस कारण दिन में ज्यादा गर्मी महसूस नहीं होगी, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक बनी रहेगी.

हाल के दिनों में तापमान में गिरावट के कारण मौसम मार्च की शुरुआत जैसा महसूस हो रहा है. अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

10 अप्रैल को मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन दिन के समय लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 11 और 12 अप्रैल को भी मौसम सामान्य और साफ बना रहेगा.

राजस्थान (10 से 11 अप्रैल)

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है. कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, हालांकि 10 अप्रैल से मौसम में धीरे-धीरे सुधार आने की उम्मीद है और अधिकांश हिस्सों में शुष्क मौसम रहेगा.

मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन 11 अप्रैल से तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है.

श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और नागौर जैसे जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि के आसार हैं. जयपुर सहित कई शहरों में भी बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.

मध्य प्रदेश (10 से 11 अप्रैल)

मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा. 10 अप्रैल को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

भोपाल, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर, सागर समेत 30 से अधिक जिलों में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी दी गई है. 11 अप्रैल के बाद मौसम धीरे-धीरे शुष्क हो सकता है.

उत्तर प्रदेश (10 से 15 अप्रैल)

उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम सुहावना बना हुआ है. अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश का असर कम हो सकता है, लेकिन 15 अप्रैल के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम फिर बदल सकता है.

लखनऊ में 10 और 11 अप्रैल को हल्के बादल छाए रहेंगे, जबकि 12 से 14 अप्रैल के बीच मौसम साफ रहने का अनुमान है. इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

बिहार (10 अप्रैल)

बिहार में पिछले कुछ दिनों से आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है. 10 अप्रैल को भी राज्य के कई हिस्सों में 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

हालांकि पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.

हिमाचल प्रदेश (10 अप्रैल)

हिमाचल प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है. 10 अप्रैल को कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.

पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं. इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. शिमला, कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

उत्तराखंड (10 अप्रैल)

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी जारी है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ है.

10 अप्रैल को राज्य में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है.

जम्मू-कश्मीर (10 से 11 अप्रैल)

जम्मू-कश्मीर में 11 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है.

इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है.

लद्दाख (10 अप्रैल)

लद्दाख में मौसम लगातार बदल रहा है, जिससे उड़ानों पर असर पड़ रहा है. खराब मौसम के कारण कुछ फ्लाइट्स रद्द या देरी से चल रही हैं. एयरलाइंस यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

ये भी पढ़ें- Love Rashifal: मेष-मिथुन के रिश्तों में बढ़ेगा प्यार, किसकी लाइफ में आएगा रोमांस? पढ़ें आज का लव राशिफल