न्यूयॉर्क सिटी ने इस बार इतिहास रच दिया है—33 वर्षीय जोहरान ममदानी शहर के पहले मुस्लिम मेयर बन गए हैं. भारतीय मूल के और युगांडा में जन्मे जोहरान अब सिर्फ एक राजनेता नहीं, बल्कि बहुसांस्कृतिक पहचान और सह-अस्तित्व की मिसाल बन चुके हैं. अपनी सादगी, धर्मनिरपेक्ष सोच और समाजसेवा के जज़्बे के कारण वे अमेरिका में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बने हुए हैं.
जोहरान ममदानी ने एक साक्षात्कार में कहा था, “मैं एक शिया मुसलमान हूं, लेकिन मेरा परिवार अंतरधार्मिक है.” उनकी यह बात उनकी सोच और परवरिश दोनों को बखूबी बयां करती है. उनकी मां मीरा नायर एक हिंदू पंजाबी परिवार से हैं, जबकि पिता महमूद ममदानी गुजराती मुस्लिम पृष्ठभूमि से आते हैं. यही वजह है कि जोहरान का बचपन न सिर्फ ईद की खुशियों में, बल्कि दिवाली की रोशनी और होली के रंगों में भी गुज़रा. उन्होंने कहा था कि “मेरे घर में न कोई धर्म ऊँचा था, न नीचा हर त्योहार, हर संस्कृति समान थी.” शायद यही कारण है कि राजनीति में आने के बाद भी वे धर्म और जाति से परे रहकर लोगों के मुद्दों पर काम करने के लिए जाने जाते हैं.
मां मीरा नायर: भारतीय सिनेमा की वैश्विक पहचान
जोहरान की मां मीरा नायर का नाम भारतीय सिनेमा के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है. ओडिशा के राउरकेला में जन्मीं मीरा ने एक पारंपरिक हिंदू पंजाबी परिवार में परवरिश पाई. उन्होंने अपने फिल्मों सलाम बॉम्बे! (1988), मॉन्सून वेडिंग (2001), और द नेमसेक (2006) — के जरिए भारतीय समाज, प्रवासी जीवन और मानवीय भावनाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचाया. मीरा नायर ने हमेशा कला के माध्यम से सामाजिक बदलाव की बात की और वही दृष्टिकोण उन्होंने अपने बेटे में भी रोपा. जोहरान ने कई बार कहा है कि उनकी मां से उन्होंने ‘संवेदना और विविधता को अपनाने’ की सीख ली है.
पिता महमूद ममदानी: विद्वान, लेखक और विचारक
जोहरान के पिता महमूद ममदानी एक विश्वप्रसिद्ध विद्वान और राजनीतिक विचारक हैं. 1946 में मुंबई में जन्मे और युगांडा में पले-बढ़े महमूद ने अफ्रीका की राजनीति, औपनिवेशिक इतिहास और मानवाधिकारों पर गहन अध्ययन किया है. वे वर्तमान में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राजनीति और मानवविज्ञान के प्रोफेसर हैं. उनकी प्रसिद्ध किताब “Citizen and Subject” अफ्रीका की उपनिवेशवादी राजनीति पर एक ऐतिहासिक अध्ययन मानी जाती है. महमूद ममदानी की विद्वता और विचारशीलता ने जोहरान को राजनीतिक रूप से गहराई से सोचने और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर सक्रिय रहने की प्रेरणा दी.
पत्नी रमा दुवाजी: कला और तकनीक की दुनिया की प्रतिभा
जोहरान की जीवनसंगिनी रमा दुवाजी सीरियाई मूल की मुस्लिम कलाकार हैं. उनका परिवार दमिश्क, सीरिया से ताल्लुक रखता है, जो बाद में अमेरिका में आकर बस गया. टेक्सास में जन्मीं रमा ने वर्जिनिया कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी से फाइन आर्ट्स में डिग्री ली और न्यूयॉर्क स्कूल ऑफ विजुअल आर्ट्स से मास्टर्स किया. रमा ने स्पॉटिफाई और एप्पल जैसी वैश्विक कंपनियों में बतौर डिजाइन आर्टिस्ट काम किया है. दोनों की मुलाकात 2021 में हुई और फरवरी 2025 में इनका विवाह संपन्न हुआ. रमा अक्सर जोहरान की चुनावी रैलियों में नजर आती हैं और सामाजिक अभियानों में सक्रिय रहती हैं.
बहुधार्मिक परिवार की प्रेरक मिसाल
जोहरान ममदानी का जीवन इस बात का प्रमाण है कि धर्म या जाति नहीं, इंसानियत और शिक्षा ही असली पहचान होती है. एक ओर उनके पिता इस्लामिक और अफ्रीकी परंपराओं से जुड़े हैं, तो दूसरी ओर उनकी मां भारतीय संस्कृति और कला का प्रतीक हैं. इन दोनों की विरासत ने जोहरान को एक ऐसा व्यक्तित्व बनाया है, जो विविधता को अपनी ताकत मानता है.
न्यूयॉर्क की नई दिशा
न्यूयॉर्क जैसे विश्व-नगरी शहर में एक भारतीय मूल के मुस्लिम का मेयर बनना अपने आप में ऐतिहासिक है. जोहरान की जीत ने न केवल दक्षिण एशियाई समुदाय को गर्व से भर दिया है, बल्कि यह भी दिखाया है कि अमेरिका में लोकतंत्र अब और अधिक समावेशी हो रहा है. उनकी राजनीतिक यात्रा सामाजिक न्याय, प्रवासियों के अधिकार और धार्मिक समानता की दिशा में एक नए युग की शुरुआत है. जोहरान ममदानी आज उस नई पीढ़ी का प्रतीक हैं, जो सीमाओं से नहीं, विचारों से दुनिया को जोड़ना चाहती है.
यह भी पढ़ें: परमाणु परीक्षण की तैयारी कर रहा पाकिस्तान? सिंध की पहाड़ियों में खोद रहा सुरंगें... रिपोर्ट में दावा