सोशल मीडिया की चमक-दमक और वायरल होने की चाह में आज कई लोग अपनी सुरक्षा तक को दांव पर लगाने लगे हैं. खासकर युवाओं में रील और वीडियो के लिए खतरनाक स्टंट करना जैसे एक ट्रेंड बनता जा रहा है. इसी कड़ी में एक नया वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर कुछ लोग गुस्से में हैं तो कुछ इसे देखकर हंसने से खुद को रोक नहीं पा रहे.
इस वायरल वीडियो में तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर फिल्मी अंदाज में स्टंट करते नजर आते हैं. वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आया, वैसे ही तेजी से फैलने लगा और अब यह चर्चा का विषय बन चुका है.
स्टंट का जुनून पड़ा भारी
वीडियो में देखा जा सकता है कि तीनों युवक एक बाइक पर बैठकर सड़क पर तेज रफ्तार में आगे बढ़ते हैं. कुछ दूरी तय करने के बाद बाइक चला रहा युवक खुद को ‘हीरो’ साबित करने के लिए आगे का पहिया हवा में उठाकर व्हीली करने की कोशिश करता है. उसे शायद लगा होगा कि यह स्टंट कैमरे में शानदार दिखेगा, लेकिन कुछ ही पलों में उसकी यह चाल उलटी पड़ जाती है. संतुलन बिगड़ते ही बाइक फिसल जाती है और सीधे सड़क के डिवाइडर से टकरा जाती है. टक्कर इतनी तेज होती है कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर गिर जाते हैं. वीडियो में हादसे की गंभीरता साफ दिखाई देती है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्हें चोटें जरूर आई होंगी.
इसे कहते हैं लैंडिंग खराब होना। संभल के भाई
— TANVEER (@mdtanveer87) January 21, 2026
सड़कें स्टंट दिखाने के लिए नहीं, मंज़िल तक पहुँचने के लिए होती हैं। Drive Safe pic.twitter.com/rdo9sdgsr3
एक्स पर वायरल हुआ वीडियो
इस वीडियो को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर @mdtanveer87 नाम के यूजर ने शेयर किया है. उन्होंने कैप्शन में लिखा, “इसे कहते हैं खराब लैंडिंग. संभलकर भाई. सड़कें स्टंट के लिए नहीं, सुरक्षित मंजिल तक पहुंचने के लिए होती हैं. ड्राइव सेफ.” यह संदेश लोगों को सड़क सुरक्षा की अहमियत याद दिलाता है.
यूजर्स के तीखे रिएक्शन
वीडियो के वायरल होते ही उस पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है. कई यूजर्स ने इन युवकों को गैर-जिम्मेदार बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है. कुछ ने तंज कसते हुए लिखा, “अब आया असली मजा,” तो किसी ने कहा, “कम से कम दो हफ्ते का आराम तो मिल ही गया होगा.” वहीं एक यूजर ने सवाल उठाया, “तीन लोगों के साथ बाइक पर स्टंट करने की हिम्मत आखिर आती कहां से है?” यह वीडियो एक बार फिर साबित करता है कि कुछ सेकंड की शोहरत के चक्कर में जान जोखिम में डालना कितना खतरनाक हो सकता है. सड़कें स्टंट दिखाने की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षित सफर के लिए होती हैं ये बात शायद ऐसे वीडियो देखकर और भी जरूरी हो जाती है.
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में मौसम का कहर! बारिश–बर्फबारी से थमा जनजीवन, वैष्णो देवी यात्रा स्थगित