जम्मू-कश्मीर में मौसम का कहर! बारिश–बर्फबारी से थमा जनजीवन, वैष्णो देवी यात्रा स्थगित

Vaishno Devi Snowfall:  उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार को मौसम ने अचानक रुख बदल लिया, जिससे ठंड, बारिश और बर्फबारी का असर तेजी से बढ़ गया. जम्मू-कश्मीर में बीती रात से जारी खराब मौसम के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है.

Vaishno Devi Snowfall new registration closed
Image Source: ANI

Vaishno Devi Snowfall:  उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार को मौसम ने अचानक रुख बदल लिया, जिससे ठंड, बारिश और बर्फबारी का असर तेजी से बढ़ गया. जम्मू-कश्मीर में बीती रात से जारी खराब मौसम के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है. खास बात यह है कि जम्मू प्रांत में इस साल पहली बार इतनी व्यापक बारिश और हिमपात देखने को मिला है.

मौसम के इस बदले मिजाज का सबसे ज्यादा असर त्रिकुटा पहाड़ियों पर पड़ा है, जहां भारी बारिश और बर्फबारी के कारण माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा को एहतियातन रोकना पड़ा. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है.

भूस्खलन के खतरे को देखते हुए लिया गया फैसला

लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी से भूस्खलन का खतरा काफी बढ़ गया है. इसी आशंका को ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया. अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 36 घंटों तक जम्मू-कश्मीर में मौसम इसी तरह खराब बना रह सकता है. मैदानी इलाकों में बारिश जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना जताई गई है.

ऊंचाई वाले इलाकों में जारी है बर्फबारी

जम्मू के मैदानी क्षेत्रों में जहां लगातार बारिश हो रही है, वहीं पहाड़ी और ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हिमपात देखने को मिल रहा है. प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में देर रात करीब 1:30 बजे से बर्फबारी शुरू हुई, जो खबर लिखे जाने तक जारी थी. इसके अलावा राजौरी और पूंछ के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में भी लगातार बर्फ गिर रही है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में भारी हिमपात की चेतावनी जारी की है और लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.

यह भी पढ़ें: दक्षिण भारत को मिलेगी नई रेल सौगात, पीएम मोदी आज दिखाएंगे तीन अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी