Asian Games Medalists: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले तीन खिलाड़ियों के लिए योगी सरकार ने सरकारी नौकरी का रास्ता साफ कर दिया है. वर्ष 2022 में हुए 19वें एशियन गेम्स में रजत पदक जीतने वाले नितिश कुमार, अजय कुमार सरोज और नीरज को अब जिला युवा कल्याण अधिकारी बनाया जाएगा.
मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में तीनों खिलाड़ियों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी गई. अब संबंधित विभाग जल्द ही नियुक्ति से जुड़ी बाकी प्रक्रिया पूरी करेगा.
खिलाड़ियों की उपलब्धियों को देखते हुए फैसला
बैठक में तीनों खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों और खेल के क्षेत्र में उनके योगदान पर चर्चा हुई. इसके बाद उनकी नियुक्ति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी. मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए. सभी जरूरी औपचारिकताएं तय समय के भीतर पूरी करने के लिए कहा गया है.
खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने पर जोर
मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने पर भी ध्यान दे रही है. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश और प्रदेश का सम्मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सम्मान और बेहतर अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है. अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकारी पद बनाने और उनकी नियुक्ति की प्रक्रिया को भी तेजी से पूरा किया जाए.
किस खेल में जीता था पदक?
नितिश कुमार और नीरज ने 2022 के एशियन गेम्स में नौकायन की पुरुष स्पर्धा में रजत पदक जीता था. वहीं अजय कुमार सरोज ने एथलेटिक्स की पुरुष 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया था.
अब ये तीनों खिलाड़ी खेल के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारी भी संभालेंगे. जिला युवा कल्याण अधिकारी के पद पर रहते हुए वे युवाओं और खेल गतिविधियों से जुड़े कामों में भी योगदान देंगे. बैठक में प्रमुख सचिव नियुक्ति एम. देवराज, सचिव खेल सुहास एलवाई, खेल निदेशक आरपी सिंह समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें- समय तय करें, हर सवाल का दूंगा जवाब... अमित शाह ने स्पीकर ओम बिरला को लिखा पत्र, जानें क्या कहा