Amit Shah Latest News: NEET परीक्षा को लेकर हुए छात्र आंदोलन और उससे जुड़े मुद्दों पर संसद में चर्चा को लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर कहा है कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है. उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से विपक्ष के साथ बात करके चर्चा का समय तय करने का अनुरोध किया है.
अमित शाह ने अपने पत्र में बिजनेस एडवाइजरी कमेटी यानी कार्य सलाहकार समिति की बैठक का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने समिति की बैठक में सरकार की ओर से NEET के मुद्दे पर चर्चा के लिए सहमति दी थी. उनके मुताबिक, विपक्ष की इस मांग को पहले ही स्वीकार किया जा चुका है.
विपक्ष की मांग पहले ही मान चुकी है सरकार
अमित शाह ने कहा कि विपक्ष के आग्रह पर सरकार पहले ही NEET परीक्षा के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हो गई थी. उन्होंने यह भी बताया कि मौजूदा संसद सत्र में विदेशी अंशदान से जुड़े संशोधन विधेयक पर चर्चा हो चुकी है.
गृह मंत्री के मुताबिक, इस विधेयक पर चर्चा के दौरान विपक्ष के किसी भी सांसद ने NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दे को सदन में नहीं उठाया. इसके बावजूद सरकार अब भी इस मामले पर विस्तार से चर्चा करने के लिए तैयार है.

लोकसभा अध्यक्ष से चर्चा का समय तय करने की अपील
अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष से कहा है कि वह विपक्ष के साथ बातचीत कर आपसी सहमति से चर्चा के लिए समय तय करें. उन्होंने कहा कि सदन में जितने समय की जरूरत हो, उतना समय इस मुद्दे पर चर्चा के लिए दिया जा सकता है.
गृह मंत्री ने कहा कि वह खुद चर्चा के दौरान सदन में मौजूद रहना चाहते हैं और विपक्ष के सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बातचीत और चर्चा के जरिए ही किसी समस्या का समाधान निकाला जा सकता है.
'सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं'
संसद के बाहर अमित शाह ने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है. उन्होंने विपक्ष पर चर्चा के बजाय संसद की कार्यवाही रोकने का आरोप लगाया. अमित शाह ने कहा कि अब विपक्ष को तय करना है कि वह इस मुद्दे पर चर्चा करना चाहता है या सदन में हंगामा करना. उन्होंने कहा कि संसदीय नियमों में अलग से बयान की मांग करने के बजाय किसी मुद्दे पर विस्तार से चर्चा का रास्ता मौजूद है.
NEET परीक्षा और छात्र आंदोलन को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच पिछले कुछ समय से लगातार टकराव चल रहा है. छात्रों के विरोध प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर भी विपक्ष सरकार से जवाब मांग रहा है. इस मुद्दे के कारण संसद की कार्यवाही कई बार प्रभावित हुई है.
किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर साधा निशाना
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी विपक्ष के रवैये पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब सरकार खुद किसी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा से पीछे हट रहा है. रिजिजू ने कहा कि विपक्ष ने NEET पर चर्चा और गृह मंत्री के जवाब की मांग की थी. सरकार ने उनकी मांग मान ली, लेकिन इसके बाद भी विपक्ष चर्चा के लिए तैयार नहीं हुआ.
उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने अब लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर एक बार फिर साफ कर दिया है कि सरकार विस्तार से चर्चा करने के लिए तैयार है. रिजिजू के मुताबिक, संसद में चर्चा और जवाब सुनना विपक्ष की भी जिम्मेदारी है. उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि अगर विपक्ष खुद चर्चा की मांग कर रहा था तो अब चर्चा से पीछे क्यों हट रहा है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर संसद में बहस होना देश के हित में है.
ये भी पढ़ें- 'आजाद बलूचिस्तान' से तिलमिलाया पाकिस्तान! गोंधन में भीषण हवाई हमले, 27 लोगों की मौत