26 अगस्त को मौसम लेगा करवट, दिल्ली-UP समेत 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट, पढ़ें IMD का लेटेस्ट अपडेट

IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में मॉनसून की सक्रियता बनी हुई है और 26 अगस्त को भी कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.

weather-forecast-26-august-rain-alert-delhi-up-bihar
Image Source: ANI

IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में मॉनसून की सक्रियता बनी हुई है और 26 अगस्त को भी कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में बारिश हो सकती है. वहीं कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है.

दिल्ली-NCR में हल्की बारिश

दिल्ली-NCR में 26 अगस्त को हल्की बारिश और बादल छाए रहने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में मॉनसून अब धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है और आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना कम है. हालांकि, छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. दिल्ली में तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

यूपी में भारी बारिश के साथ बाढ़ का खतरा

उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 26 और 27 अगस्त को कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, बांदा, रायबरेली, अमेठी, कानपुर और उन्नाव समेत कुछ जिलों में भारी बारिश के बाद अचानक बाढ़ का खतरा भी जताया गया है.

बिहार में बारिश के साथ आंधी-बिजली का अलर्ट

बिहार में 26 अगस्त को ज्यादातर जगहों पर बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में 27 अगस्त तक भारी बारिश जारी रह सकती है. इसके अलावा 31 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

राजस्थान और मध्य भारत में भी बरसेंगे बादल

राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में हाल के दिनों में बारिश का दौर देखने को मिला है और 26 अगस्त को भी दौसा, अलवर, किशनगढ़, सवाई माधोपुर, बूंदी, जयपुर, चित्तौड़गढ़ और कोटा के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. वहीं पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

केरल समेत इन राज्यों में भी अलर्ट

केरल में भारी बारिश को देखते हुए 26 अगस्त को पठानमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा और मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल-सिक्किम, अंडमान-निकोबार, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट भी है.

ये भी पढ़ें: तेजी से फैल रहा H1N1, इन लोगों को रहना पड़ेगा ज्यादा सावधान, खुद से कभी ना करें ये काम