Toxic Advance Booking: साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म 'टॉक्सिक' रिलीज से पहले ही चर्चा में है. फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और अमेरिका में इसकी एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है.
शुरुआती आंकड़ों को देखकर लग रहा है कि फिल्म को विदेशों में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. अमेरिका में फिल्म की एडवांस बुकिंग से अब तक 1.21 लाख डॉलर से ज्यादा की कमाई हो चुकी है. नॉर्थ अमेरिका में फिल्म के 5,500 से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं.
अमेरिका में 204 जगहों पर शुरू हुई बुकिंग
वेंकी बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों के मुताबिक, 'टॉक्सिक' को अमेरिका में 204 लोकेशन पर 589 शो मिले हैं. इन शोज के लिए अब तक करीब 5,550 टिकट बिक चुके हैं और फिल्म ने 1,21,258 डॉलर की कमाई कर ली है.
फिल्म की रोजाना एडवांस बुकिंग करीब 10 हजार डॉलर की बताई जा रही है. अमेरिका में टेक्सास फिल्म के लिए सबसे मजबूत बाजार नजर आ रहा है. यहां करीब 1,984 टिकट बिक चुके हैं और इससे करीब 47 हजार डॉलर की कमाई हुई है.
कैलिफोर्निया इस मामले में दूसरे नंबर पर है. यहां करीब 888 टिकट बिके हैं और 19,244 डॉलर की कमाई हुई है. जॉर्जिया, वाशिंगटन और न्यू जर्सी में भी फिल्म की एडवांस बुकिंग से करीब 4 हजार डॉलर की कमाई हो चुकी है.
तेलुगू वर्जन की सबसे ज्यादा मांग
अमेरिका में 'टॉक्सिक' के तेलुगू वर्जन को सबसे अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. तेलुगू वर्जन के करीब 3,052 टिकट बिक चुके हैं और इससे 66,896 डॉलर की कमाई हुई है. वहीं कन्नड़ वर्जन के करीब 2,498 टिकट बिके हैं और इसकी कमाई 54,363 डॉलर तक पहुंच गई है. अमेरिका के अलावा ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में भी फिल्म को एडवांस बुकिंग में अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की खबर है.
100 करोड़ की ओपनिंग की उम्मीद
'टॉक्सिक' को लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा है. सैकनिल्क के अनुमान के मुताबिक, फिल्म दुनिया भर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग कर सकती है. अगर फिल्म पहले दिन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाने में कामयाब होती है, तो यश के लिए यह बड़ी उपलब्धि होगी.
'रामायण' को भी इसमें शामिल किया जाए तो यह यश की लगातार तीसरी 100 करोड़ से ज्यादा की ओपनिंग वाली फिल्म बन सकती है. फिलहाल यह रिकॉर्ड प्रभास के नाम है. उनकी 'आदिपुरुष', 'सालार', 'कल्कि 2898 एडी' और 'द राजा साब' ने 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग की थी.
फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े सितारे
'टॉक्सिक' का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है. फिल्म को कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट किया गया है, जबकि इसे हिंदी, मलयालम और तेलुगू में भी रिलीज किया जाएगा. फिल्म की लंबाई करीब 3 घंटे 14 मिनट बताई जा रही है.
इसमें यश के डबल रोल में नजर आने की खबरें हैं. फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, नयनतारा, हुमा कुरैशी और अक्षय ओबेरॉय जैसे कलाकार भी नजर आएंगे.
पहले मार्च में रिलीज होनी थी फिल्म
'टॉक्सिक' काफी समय से चर्चा में है. फिल्म को पहले मार्च में रिलीज किया जाना था और उस समय इसका मुकाबला 'धुरंधर 2' से होने की बात कही जा रही थी. बाद में रिलीज डेट बदल दी गई और अब फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी. फिल्म का ट्रेलर पहले ही रिलीज हो चुका है. ट्रेलर को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है. इसमें यश और कियारा आडवाणी के कुछ बोल्ड सीन भी देखने को मिले हैं.
फिल्म के प्रमोशन के दौरान यश ने इन सीन को लेकर भी बात की थी. उन्होंने कहा था कि उन्होंने कियारा को किस नहीं किया है और सीन को इस तरह फिल्माया गया है कि किरदारों के बीच प्यार दिखाया जा सके.
'केजीएफ' के बाद यश की बड़ी फिल्म
यश को सबसे बड़ी पहचान 'केजीएफ' सीरीज से मिली. फिल्म के दोनों पार्ट को दर्शकों ने खूब पसंद किया और यश देशभर में बड़े स्टार बन गए. अब यश की नजर 'टॉक्सिक' पर है. इसके अलावा वह नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में भी नजर आएंगे. इस फिल्म में यश रावण का किरदार निभा रहे हैं.
ये भी पढ़ें- 'कश्मीर भारत का एक अहम हिस्सा...', अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का बड़ा बयान, जानें क्या कहा