कौन हैं जायमा रहमान, जो कट्टरपंथियों के खिलाफ चुनाव में भरेंगी हुंकार? पिता के साथ 17 साल बाद लौंटी बांग्लादेश

Zaima Rahman: बांग्लादेश की सियासत एक बार फिर बदलाव के संकेत दे रही है. इस बार चर्चा का केंद्र कोई अनुभवी नेता नहीं, बल्कि 30 वर्षीय जायमा रहमान हैं, जिन्हें विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की उभरती हुई नई पीढ़ी का चेहरा माना जा रहा है.

world Bangladesh election BNP acting president Tariq Rahman Zaima Rahman photos
Image Source: Social Media

Zaima Rahman: बांग्लादेश की सियासत एक बार फिर बदलाव के संकेत दे रही है. इस बार चर्चा का केंद्र कोई अनुभवी नेता नहीं, बल्कि 30 वर्षीय जायमा रहमान हैं, जिन्हें विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की उभरती हुई नई पीढ़ी का चेहरा माना जा रहा है. हाल के दिनों में पार्टी की अहम बैठकों में उनकी मौजूदगी ने यह संकेत दे दिया है कि BNP आने वाले समय में नेतृत्व के नए चेहरे को आगे लाने की तैयारी में है.

हाल ही में जायमा रहमान की एक महत्वपूर्ण BNP बैठक में शिरकत के बाद यह अटकलें तेज हो गई हैं कि वह अब औपचारिक रूप से राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा सकती हैं. पार्टी सूत्रों का कहना है कि उनकी मौजूदगी केवल औपचारिक नहीं थी, बल्कि उन्हें गंभीरता से सुना गया और भविष्य की रणनीतियों में उनकी राय को महत्व दिया गया. जायमा, BNP के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान की बेटी हैं, जो लंबे समय से निर्वासन में रहने के बाद अब देश वापसी की तैयारी कर रहे हैं.

17 साल बाद तारिक रहमान की वापसी

BNP चेयरपर्सन के निजी सचिव अब्दुस सत्तार के मुताबिक, तारिक रहमान अपनी बेटी जायमा के साथ 25 दिसंबर को लंदन से बांग्लादेश लौट रहे हैं. दोनों पहले सिलहट पहुंचेंगे और फिर ढाका आएंगे. सुबह करीब 11 बजे उनका विमान हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरेगा.

तारिक रहमान ने खुद लंदन में आयोजित BNP के विजय दिवस कार्यक्रम के दौरान अपनी वापसी की पुष्टि की थी. करीब 17 साल के निर्वासन के बाद उनकी वापसी को बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़े घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है.

लंदन में शिक्षा, पेशे से वकील हैं जायमा

जायमा रहमान वर्ष 2008 में अपने माता-पिता के साथ लंदन चली गई थीं. वहीं उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा और उच्च शिक्षा पूरी की. उन्होंने क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन से कानून की डिग्री हासिल की और बाद में प्रतिष्ठित लिंकन इन से बार-एट-लॉ की उपाधि प्राप्त की.

पेशे से वकील रह चुकी जायमा को पार्टी के भीतर एक तेज-तर्रार, आत्मविश्वासी और स्पष्ट वक्ता के रूप में देखा जाता है. पार्टी नेताओं का कहना है कि वह प्रभावशाली भाषण देती हैं और खास तौर पर युवाओं से आसानी से जुड़ पाती हैं.

BNP को मिल सकता है नया युवा चेहरा

BNP से जुड़े लोगों का मानना है कि जायमा रहमान के सक्रिय होने से पार्टी को एक नया और युवा चेहरा मिलेगा, जो मौजूदा राजनीतिक माहौल में कट्टर राजनीति को चुनौती दे सकता है. समर्थकों के मुताबिक, जायमा आधुनिक सोच, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और कानून की समझ के साथ राजनीति में उतर सकती हैं.

चुनावी राजनीति में उतरने की अटकलें

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी जोरों पर है कि जायमा रहमान आने वाले समय में चुनावी राजनीति में कदम रख सकती हैं. हालांकि, पार्टी की ओर से अब तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन BNP की बैठकों और कार्यक्रमों में उनकी बढ़ती मौजूदगी साफ संकेत देती है कि पार्टी उन्हें भविष्य के लिए तैयार कर रही है.

तारिक रहमान का संकेत भरा बयान

पिछले महीने एक इंटरव्यू में जब तारिक रहमान से पूछा गया था कि क्या उनकी पत्नी डॉ. जुबैदा और बेटी जायमा राजनीति में प्रवेश करेंगी, तो उन्होंने सीधे इनकार या पुष्टि करने के बजाय कहा था कि समय और परिस्थितियां ही इसका जवाब देंगी.

बदलते सियासी समीकरण

तारिक रहमान की वापसी और जायमा रहमान की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता को एक साथ देखा जाए, तो यह साफ है कि BNP एक नई रणनीति और नई पीढ़ी के नेतृत्व की ओर बढ़ रही है. आने वाले महीनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि जायमा रहमान बांग्लादेश की राजनीति में किस भूमिका में नजर आती हैं और BNP उन्हें किस स्तर तक आगे लाती है.

यह भी पढ़ें- 1700 रुपये की चप्पल टूटी और शोरूम मैनेजर की बढ़ गई मुश्किल, गैर जमानती वारंट; जानें पूरा मामला