Womens Asia Cup 2026: महिला एशिया कप 2026 का शेड्यूल जारी, इस दिन होगी भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत

Womens Asia Cup 2026 Schedule: महिला क्रिकेट के सबसे बड़े एशियाई टूर्नामेंट का इंतजार अब खत्म हो गया है. एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) ने महिला एशिया कप 2026 का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है.

womens-asia-cup-2026-india-pakistan-match-schedule-announced
Image Source: ANI

Womens Asia Cup 2026 Schedule: महिला क्रिकेट के सबसे बड़े एशियाई टूर्नामेंट का इंतजार अब खत्म हो गया है. एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) ने महिला एशिया कप 2026 का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है. 28 अगस्त से शुरू होने वाला यह टी20 टूर्नामेंट 13 सितंबर तक चलेगा और क्रिकेट प्रेमियों की सबसे ज्यादा नजरें 5 सितंबर को होने वाले भारत और पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले पर रहेंगी. हर बार की तरह इस बार भी दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच होने वाला मैच टूर्नामेंट का सबसे चर्चित मुकाबला माना जा रहा है.

एक ही ग्रुप में भारत-पाकिस्तान

महिला एशिया कप के छठे संस्करण में आठ टीमों को दो समूहों में बांटा गया है. ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान, थाईलैंड, हांगकांग और चीन को जगह मिली है, जबकि ग्रुप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, यूएई और इंडोनेशिया शामिल हैं. भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी, जबकि 5 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगी. ग्रुप चरण में हर टीम एक-दूसरे के खिलाफ एक मैच खेलेगी और शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी.

दुबई में होगा पूरा टूर्नामेंट

टूर्नामेंट के सभी 15 मुकाबले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे. सभी मैच फ्लडलाइट्स में स्थानीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होंगे. ग्रुप स्टेज के बाद 10 और 11 सितंबर को दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे, जबकि 13 सितंबर को खिताबी मुकाबले के साथ टूर्नामेंट का समापन होगा. एक ही मैदान पर पूरे टूर्नामेंट का आयोजन होने से टीमों के लिए परिस्थितियों को समझना और रणनीति बनाना भी बेहद अहम रहेगा.

श्रीलंका के सामने खिताब बचाने की चुनौती

2024 में भारत को हराकर पहली बार महिला एशिया कप का खिताब जीतने वाली श्रीलंका इस बार डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगी और 29 अगस्त को बांग्लादेश के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. दूसरी ओर, भारत इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है और एक बार फिर ट्रॉफी जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है. ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि इस बार भी महिला एशिया कप रोमांचक मुकाबलों, कड़ी टक्कर और यादगार प्रदर्शन से भरपूर रहेगा.

ये भी पढ़ें: IND vs SL Warm-Up Match: वार्मअप मैच में भिड़ेंगे भारत-श्रीलंका, जानें कहां और कैसे देखें लाइव