Jasprit Bumrah: भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में जारी चौथे टेस्ट मैच में एक तरफ जहां इंग्लिश बल्लेबाजों का बोलबाला रहा, वहीं टीम इंडिया के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन चिंता का विषय बन गया है. बुमराह ने पहली पारी में 28 ओवर की गेंदबाजी करते हुए 95 रन दिए और महज एक विकेट ही निकाल सके. लेकिन सबसे हैरानी की बात ये रही कि इस दौरान उनकी गति में खासा गिरावट देखी गई.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें बुमराह लंगड़ाते हुए ड्रेसिंग रूम की ओर लौटते नजर आ रहे हैं. इस दृश्य ने एक बार फिर उनके फिटनेस स्तर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मोहम्मद कैफ ने जताई गंभीर आशंका
भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने बुमराह की इस हालत को देखते हुए एक चौंकाने वाली भविष्यवाणी कर दी है. उन्होंने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा, "मुझे नहीं लगता कि आप जसप्रीत बुमराह को ज्यादा समय तक टेस्ट क्रिकेट में खेलते हुए देखेंगे. वह रिटायरमेंट भी ले सकते हैं. उनकी बॉडी गिव अप कर रही है."
मोहम्मद कैफ ने क्या कहा?
कैफ ने आगे कहा कि बुमराह की स्पीड इस टेस्ट में 130-125 km/h के आसपास रही, जो कि उनके सामान्य स्तर से काफी कम है. उन्होंने जो एकमात्र विकेट लिया, वो भी विकेटकीपर की डाइव के चलते आया. इससे ये साफ झलकता है कि बुमराह का जुनून बरकरार है, लेकिन शरीर अब साथ नहीं दे रहा. मोहम्मद कैफ ने कहा, "बुमराह स्वार्थी खिलाड़ी नहीं हैं. अगर उन्हें लगेगा कि वो अब 100% नहीं दे पा रहे, तो वे खुद ही पीछे हट जाएंगे."
क्या बुमराह को मिलेगा आराम?
बुमराह इससे पहले बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी चोट से जूझ चुके हैं. उस समय भी उन्होंने पूरी सीरीज खेली थी और आखिरी टेस्ट में चोटिल हो गए थे. यही वजह है कि इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा टेस्ट सीरीज में उनका वर्कलोड सीमित रखा गया है. वे एजबेस्टन टेस्ट में नहीं खेले थे और अब ऐसी उम्मीद है कि उन्हें अंतिम टेस्ट से भी आराम दिया जा सकता है.
भविष्य पर सवाल
भारत के लिए जसप्रीत बुमराह जैसे बॉलिंग लीडर का टेस्ट क्रिकेट से हटना बड़ा झटका हो सकता है. हालांकि, अगर उनकी फिटनेस लगातार गिरती रही, तो यह फैसला उन्हें मजबूरी में लेना पड़ सकता है. भारतीय फैंस इस वक्त बस यही दुआ कर रहे हैं कि बुमराह जल्द फिट होकर अपनी पुरानी धार के साथ लौटें. लेकिन अगर मोहम्मद कैफ की “गट फीलिंग” सही साबित होती है, तो टेस्ट क्रिकेट एक और लाजवाब गेंदबाज को खोने वाला है.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के 'ऑपरेशन बद्र' में फंसी थी भारतीय सेना, तब BSF ने पलटी बाजी... कारगिल जंग की अनकही कहानी