हैरिस रउफ और साहिबजादा फरहान पर लगेगा बैन? मैच रेफरी और ICC से हुई शिकायत, जानें क्या कहते है नियम

एशिया कप 2025 का भारत बनाम पाकिस्तान सुपर फोर मुकाबला क्रिकेट फैंस के लिए रोमांच से भरपूर रहा.

Will Harris Rauf and Sahibzada Farhan be banned
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Ind vs Pak: एशिया कप 2025 का भारत बनाम पाकिस्तान सुपर फोर मुकाबला क्रिकेट फैंस के लिए रोमांच से भरपूर रहा. लेकिन मैदान पर एकतरफा हार झेलने वाली पाकिस्तानी टीम के दो खिलाड़ियों की हरकत अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद का विषय बन चुकी है.

ओपनर साहिबजादा फरहान और तेज गेंदबाज हारिस रउफ पर आईसीसी की आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप है, और खबरों के मुताबिक इन दोनों के खिलाफ संभावित बैन या सख्त कार्रवाई हो सकती है.

क्या हुआ मैदान पर?

मैच के दौरान पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने एक अच्छी पारी खेलते हुए अर्धशतक पूरा किया. लेकिन उन्होंने जिस तरह का जश्न मनाया, वह सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय मीडिया की नजरों में आ गया.

फरहान ने अर्धशतक के बाद बल्ले को बंदूक की तरह थामकर, दर्शकों की ओर गोली चलाने जैसा इशारा किया. यह 'गन फायर' स्टाइल का जश्न भले ही किसी शो में चलता हो, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मंच पर इसने बड़ी संख्या में लोगों को असहज कर दिया.

इसके बाद हारिस रउफ की बारी आई, जो भारतीय बल्लेबाजों से बार-बार पिटने के बाद अपना आपा खो बैठे. उन्होंने 'जेट डाउन' जैसा हिंसक हाथ का इशारा किया, जो कई दर्शकों और विशेषज्ञों की नजर में उकसाने वाला और भड़काऊ था.

क्रिकेट में खेल भावना और भड़काऊ प्रदर्शन

क्रिकेट हमेशा से जेंटलमैन गेम के रूप में जाना जाता है, जहां खिलाड़ी अपने जज्बात को मर्यादा में रखकर प्रदर्शन करते हैं. भारत और पाकिस्तान जैसे प्रतिद्वंद्वी देशों के बीच मुकाबले पहले से ही राजनीतिक, सामाजिक और भावनात्मक रूप से संवेदनशील होते हैं.

ऐसे में जब खिलाड़ी इस मंच का इस्तेमाल हिंसा की ओर संकेत करने वाले इशारों के लिए करते हैं, तो यह न केवल खेल भावना के खिलाफ जाता है, बल्कि दर्शकों को उकसाने और माहौल बिगाड़ने की वजह भी बन सकता है.

आईसीसी के नियम क्या कहते हैं?

आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) की आचार संहिता स्पष्ट रूप से कहती है कि कोई भी खिलाड़ी ऐसा जश्न नहीं मना सकता जो विरोधी टीम, दर्शकों या अंपायर को अपमानित या उकसाने वाला लगे. किसी भी तरह का राजनीतिक, धार्मिक, नस्लीय या हिंसक इशारा या संदेश पूर्णतः वर्जित है.

यदि खिलाड़ी खेल की आत्मा (Spirit of the Game) के विरुद्ध कोई व्यवहार करते हैं, तो उन पर जुर्माना, चेतावनी, या निलंबन जैसे दंड लगाए जा सकते हैं.

इस मामले में फरहान और रउफ दोनों के इशारे सीधे-सीधे "लेवल 1 या लेवल 2 अपराध" की श्रेणी में आ सकते हैं, जिनमें:

  • 25% से 100% मैच फीस का जुर्माना
  • 1 से 4 डिमेरिट पॉइंट्स
  • एक या अधिक मैचों से निलंबन
  • जैसे दंड शामिल हैं.

सूत्रों के मुताबिक, मैच रेफरी ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और विभिन्न कैमरा एंगल से वीडियो फुटेज इकट्ठा किए जा रहे हैं. साथ ही, भारतीय टीम मैनेजमेंट से भी आधिकारिक प्रतिक्रिया मांगी गई है.

ये भी पढ़ें- तेजस MK1A के इंजन के लिए वायुसेना ने कसी कमर, AMCA की भी खुली राह, जल्द उड़ेंगे भारतीय लड़ाकू विमान!