हम अपने मोबाइल फोन में हर दिन सिम कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इसके डिजाइन से जुड़ी एक खास बात पर शायद ही कभी ध्यान दिया हो—इसका एक कोना कटा हुआ क्यों होता है? यह कोई डिज़ाइन की गलती नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बेहद प्रैक्टिकल वजह छुपी हुई है.
अगर आप भी इस सवाल का जवाब जानने को उत्सुक हैं, तो चलिए समझते हैं कि सिम कार्ड की बनावट को लेकर आखिर तकनीकी सोच क्या है.
सही दिशा में लगाने के लिए होती है यह खास डिजाइन
सिम कार्ड को खास ढंग से त्रिकोणीय कोना काटकर बनाया जाता है ताकि उसे फोन में लगाने में कोई भ्रम न रहे. यह छोटा-सा कट यूज़र को यह संकेत देता है कि कार्ड को किस दिशा में डालना है. अगर यह कट न हो, तो लोग अक्सर उल्टा कार्ड डाल सकते हैं, जिससे न सिर्फ नेटवर्क नहीं मिलेगा बल्कि सिम या फोन के सॉकेट को नुकसान भी हो सकता है. यानी यह डिज़ाइन सिर्फ सौंदर्य या ब्रांडिंग का हिस्सा नहीं, बल्कि उपयोगकर्ता की सुविधा और डिवाइस की सुरक्षा से जुड़ा है.
कैसे करता है सिम कार्ड काम?
सिम का पूरा नाम है – Subscriber Identity Module. यह छोटा-सा चिप आधारित कार्ड एक तरह से आपकी मोबाइल पहचान का आईडी कार्ड होता है. इसके अंदर IMSI यानी International Mobile Subscriber Identity और कुछ सिक्योरिटी कीज़ होती हैं जो आपके नेटवर्क को यह बताती हैं कि आप कौन हैं और क्या आप उस नेटवर्क का उपयोग करने के लिए अधिकृत हैं या नहीं. जब आप अपना फोन ऑन करते हैं, तो मोबाइल डिवाइस सबसे पहले सिम कार्ड से जानकारी पढ़ता है और नेटवर्क को भेजता है. नेटवर्क उस जानकारी को वेरिफाई करता है और फिर आपको कॉल, इंटरनेट और मैसेजिंग जैसी सेवाओं की अनुमति देता है. इसी वजह से किसी एक नेटवर्क का सिम कार्ड, दूसरे नेटवर्क पर काम नहीं करता, जब तक कि फोन अनलॉक न हो.
छोटे आकार, बड़ा काम
आज के समय में सिम कार्ड भी कई तरह के आते हैं – मिनी, माइक्रो और नैनो. लेकिन चाहे उनका साइज़ कुछ भी हो, उस कटा हुआ कोना हर फॉर्मेट में मौजूद रहता है. यह सुनिश्चित करता है कि भले ही टेक्नोलॉजी बदले, लेकिन उपयोग की सुविधा बनी रहे.
यह भी पढ़ें: दिल्ली या बेंगलुरु नहीं... इस राज्य में iPhone की हुई सबसे ज्यादा बिक्री, नई रिपोर्ट में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई