वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भूचाल ला दिया है. शुरुआत में अमेरिकी प्रशासन ने इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी और नार्को-टेररिज्म से जोड़कर पेश किया, लेकिन जैसे-जैसे घटनाक्रम आगे बढ़ा, कई अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स ने इस दावे पर सवाल खड़े कर दिए.
ब्रिटिश मीडिया संस्थान स्काई न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम के केंद्र में वेनेजुएला का विशाल तेल भंडार है. रिपोर्ट इशारा करती है कि अमेरिका की यह कार्रवाई केवल कानून प्रवर्तन तक सीमित नहीं, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा और भू-राजनीतिक रणनीति से गहराई से जुड़ी हो सकती है.
ड्रग्स तस्करी या रणनीतिक बहाना?
अमेरिका लंबे समय से वेनेजुएला पर ड्रग्स तस्करी को बढ़ावा देने के आरोप लगाता रहा है. अमेरिकी नौसेना की तैनाती, समुद्री गश्त, टैंकरों की निगरानी और कैरेबियन क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों को भी इसी तर्क से जोड़ा जाता रहा है.
हालांकि स्काई न्यूज की रिपोर्ट का कहना है कि यह पूरी कहानी का सिर्फ एक हिस्सा है. असल वजह कहीं ज्यादा बड़ी और रणनीतिक हो सकती है और वह है ऊर्जा, खासकर कच्चा तेल.
अमेरिका खुद तेल का उत्पादक, तो वेनेजुएला क्यों?
पहली नजर में यह सवाल वाजिब लगता है. शेल ऑयल क्रांति के बाद अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा तेल उत्पादक बन चुका है. उसका घरेलू उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर है. ऐसे में सवाल उठता है कि फिर वेनेजुएला के तेल में अमेरिका की दिलचस्पी क्यों है?
इस सवाल का जवाब “तेल की किस्म” में छिपा है.
हल्का तेल बनाम भारी तेल: असली फर्क
अमेरिका में जो शेल ऑयल निकलता है, वह ज्यादातर हल्का तेल होता है. वहीं वेनेजुएला का तेल दुनिया के सबसे भारी और गाढ़े तेलों में गिना जाता है.
अमेरिकी रिफाइनरियों की मजबूरी
अमेरिका की कई बड़ी रिफाइनरियां- खासकर टेक्सास, लुइज़ियाना और गल्फ कोस्ट क्षेत्र में दशकों पहले भारी कच्चे तेल को प्रोसेस करने के लिए बनाई गई थीं.
इन रिफाइनरियों को हल्के तेल के हिसाब से बदलना न तो आसान है और न ही सस्ता. इसके लिए अरबों डॉलर का निवेश और लंबा तकनीकी बदलाव चाहिए. यही वजह है कि अमेरिका आज भी भारी कच्चे तेल के आयात पर निर्भर है.
उत्पादन ज्यादा, फिर भी आयात क्यों?
वर्तमान स्थिति यह है कि अमेरिका भले ही सबसे ज्यादा तेल पैदा करता हो, लेकिन उसकी जरूरतें पूरी करने के लिए भारी कच्चे तेल का आयात जरूरी बना हुआ है.
पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका के कुल तेल आयात में भारी तेल की हिस्सेदारी बढ़कर लगभग 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है. यह एक बड़ी रणनीतिक निर्भरता है, जिसे अमेरिका कम करना चाहता है या अपने नियंत्रण में लाना चाहता है.
भारी तेल के बड़े स्रोत कौन से हैं?
दुनिया में भारी कच्चे तेल के बड़े भंडार बहुत कम देशों के पास हैं:
इनमें वेनेजुएला का स्थान सबसे अहम है, क्योंकि उसके पास दुनिया का सबसे बड़ा प्रमाणित तेल भंडार है, जिसका बड़ा हिस्सा अब भी जमीन के नीचे है.
स्काई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका की असली नजर वेनेजुएला के उसी भारी तेल पर है, जो उसकी रिफाइनरियों के लिए सबसे उपयुक्त है.
ये भी पढ़ें- क्या है अमेरिका का 'डेल्टा फोर्स'? जिसने वेनेजुएला के राष्ट्रपति को किया गिरफ्तार, जानें इनकी ताकत