Nepal Protest: नेपाल की सड़कों पर गूंजते नारे, आगजनी, और उमड़ती भीड़ किसी एक सरकारी फैसले के खिलाफ विरोध नहीं है, ये उस गुस्से का नतीजा है जो सालों से भीतर ही भीतर पनप रहा था. बेरोजगारी, राजनीतिक भ्रष्टाचार और व्यवस्था की सुस्ती ने देश की युवा पीढ़ी को आखिरकार उबलने पर मजबूर कर दिया. और इस आंदोलन को एक दिशा, एक चेहरा मिला सुदन गुरुंग के रूप में.
जिस तरह छात्रों और युवाओं ने राजधानी काठमांडू से लेकर सुदूर इलाकों तक सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है, वह साफ संकेत देता है कि अब उन्हें खामोश रखना मुश्किल है. सोशल मीडिया पर पाबंदी की घोषणा ने जैसे आग में घी डाल दिया लेकिन यह दमन की कोशिश ही आंदोलन के लिए टर्निंग पॉइंट बन गई.
हामी नेपाल और सुदन गुरुंग: एक नया नेतृत्व
इस विद्रोह को केवल भीड़ नहीं कहा जा सकता, इसे संगठित आंदोलन कहना ज़्यादा उचित होगा और इसके पीछे सबसे बड़ा नाम है 'हामी नेपाल'. इस संगठन की कमान संभाल रहे हैं सिर्फ 36 वर्षीय सुदन गुरुंग, जो अब नेपाल की युवा आवाज के प्रतीक बन चुके हैं.
डिजिटल आंदोलन का मास्टरमाइंड
गुरुंग और उनकी टीम ने विरोध का रास्ता चुना, लेकिन बेहद रणनीतिक ढंग से. उन्होंने इंस्टाग्राम, यूट्यूब और डिस्कॉर्ड जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर न केवल प्रदर्शन के रूट्स बताए बल्कि सेफ्टी गाइडलाइंस भी जारी किए. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपनी यूनिफॉर्म और किताबों के साथ सड़कों पर उतरें, ताकि यह आंदोलन स्पष्ट रूप से "शिक्षित विरोध" के तौर पर दर्ज हो.
पार्टी आयोजक से जननायक बनने का सफर
एक समय था जब सुदन इवेंट्स और पार्टीज़ की प्लानिंग करते थे, लेकिन देश के हालातों ने उनके जीवन की दिशा ही बदल दी. 2015 के भूकंप के बाद उन्होंने राहत कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. बाढ़ हो या महामारी, उनका संगठन हामी नेपाल अब तक हजारों जरूरतमंदों तक मदद पहुंचा चुका है.
उनकी सोच सीधी है "जनता के लिए, जनता के द्वारा". जब सोशल मीडिया बैन और सरकारी दमन के बीच आंदोलन हिंसक हुआ और 20 लोगों की जान गई, तब सरकार को झुकना पड़ा. बैन वापस लिया गया और मंत्रियों के इस्तीफे शुरू हुए. यह साफ दिखाता है कि गुरुंग की रणनीति ने सत्ता के गलियारों को हिलाकर रख दिया.
पहले भी कर चुके हैं जनता के मुद्दों पर संघर्ष
यह कोई पहली बार नहीं है कि सुदन गुरुंग ने जनता की आवाज को बुलंद किया हो. धरान के घोपा कैंप प्रोटेस्ट से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता की मांग तक — वे हर मोर्चे पर सक्रिय रहे हैं. यही वजह है कि आज वे युवाओं के बीच सिर्फ एक सोशल वर्कर नहीं, एक भरोसेमंद नेता बन चुके हैं.
एक आवाज, जो बदलाव की लहर बन चुकी है
आज जब नेपाल की सड़कों पर युवा सिर्फ नारों में नहीं, रणनीति में भी आगे हैं — तो उसके पीछे सुदन गुरुंग जैसी सोच का हाथ है. वे अब केवल एक NGO के चेयरमैन नहीं, बल्कि जनरेशन Z के लीडर बन चुके हैं. और शायद यही नेपाल की राजनीति के लिए वह सबसे बड़ा बदलाव है, जिसकी आहट सालों पहले हो जानी चाहिए थी.
यह भी पढ़ें: चली गई पीएम ओली कुर्सी! प्रदर्शनकारियों ने जला दिया घर... अब कहां लेंगे शरण?