BJP सदस्य से डिप्टी CM तक का सफर... कौन हैं अग्निमित्रा पॉल? जो बनेंगी बंगाल की उपमुख्यमंत्री

Who is Agnimitra Paul: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी की जीत के बाद राज्य में नई राजनीतिक व्यवस्था का खुलासा हो गया है. शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री और अग्निमित्रा पॉल तथा निसिथ प्रमाणिक को उपमुख्यमंत्री बनाने का निर्णय बीजेपी विधायक दल की बैठक में लिया गया.

Who is Agnimitra Paul who will be the Deputy Chief Minister of West Bengal
Image Source: Social Media

Who is Agnimitra Paul: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी की जीत के बाद राज्य में नई राजनीतिक व्यवस्था का खुलासा हो गया है. शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री और अग्निमित्रा पॉल तथा निसिथ प्रमाणिक को उपमुख्यमंत्री बनाने का निर्णय बीजेपी विधायक दल की बैठक में लिया गया. इस ऐतिहासिक निर्णय के साथ ही अग्निमित्रा पॉल बंगाल की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गई हैं. साथ ही यह पहली बार होगा जब राज्य में मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्री होंगे.

शिक्षा और पारिवारिक पृष्ठभूमि

अग्निमित्रा पॉल का जन्म 25 नवंबर 1974 को डॉक्टरों और शिक्षाविदों के परिवार में हुआ. उनके पिता डॉ. अशोक रॉय आसनसोल में बाल रोग विशेषज्ञ हैं. उन्होंने लोरेटो कॉन्वेंट और आसनसोल गर्ल्स कॉलेज से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की और बनवारीलाल भालोटिया कॉलेज से वनस्पति विज्ञान (ऑनर्स) में स्नातक की डिग्री हासिल की. शादी उद्यमी पार्थो पॉल से हुई और उनके दो बच्चे हैं.

फैशन डिजाइनिंग में नामी हस्ती

राजनीति में आने से पहले अग्निमित्रा पॉल ने फैशन की दुनिया में अपना करियर बनाया. उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों जैसे ‘कोई मेरे दिल से पूछे’ और ‘वाया दार्जिलिंग’ के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइन किए. मिथुन चक्रवर्ती, श्रीदेवी, ईशा देओल, शोनल रावत और अन्य सितारों के लिए भी उन्होंने पर्सनल वॉर्डरोब तैयार किया. पॉल ने अपना खुद का फैशन लेबल “इंगा” लॉन्च किया और लैक्मे फैशन वीक 2013 के लिए भी डिजाइन किया. उनके द्वारा डिजाइन किए गए शॉल और कंबल हिलेरी क्लिंटन को तोहफे में दिए गए थे.

राजनीति में कदम और बीजेपी में सफर

23 मार्च 2019 को अग्निमित्रा पॉल ने भारतीय जनता पार्टी जॉइन की. 2020 में वह पश्चिम बंगाल बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष बनीं. इस दौरान उन्होंने राज्य के 23 जिलों में महिलाओं के लिए “उमा” नामक सेल्फ-डिफेंस वर्कशॉप आयोजित की. 22 दिसंबर 2021 को उन्हें पश्चिम बंगाल बीजेपी का महासचिव नियुक्त किया गया.

चुनावी जीत और उपमुख्यमंत्री की कुर्सी

अग्निमित्रा पॉल ने 2021 के विधानसभा चुनाव में आसनसोल दक्षिण से जीत हासिल की. बाद में 2022 के लोकसभा उपचुनाव और 2024 के आम चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. लेकिन इस बार विधानसभा चुनाव में उन्होंने शानदार जीत दर्ज की और अब उन्हें बंगाल की उपमुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किया गया है.

ये भी पढ़ें: शुभेंदु दा ने दीदी के घर में जाकर उन्हें हराया... बैठक में बोले अमित शाह, BJP कार्यकर्ताओं को किया याद