PM Narendra Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी हर बात हमेशा चर्चा का विषय बन जाती है, फिर चाहे वह उनकी विदेश नीति हो, उनका पहनावा या फिर उनका निजी जीवन. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि भारत के प्रधानमंत्री, जो दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का नेतृत्व करते हैं, वे अपनी बातचीत के लिए कौन-सा फोन इस्तेमाल करते होंगे?
आज, 17 सितंबर को पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन है. इस खास मौके पर चलिए आपको बताते हैं उस फोन के बारे में, जो प्रधानमंत्री जैसे उच्च सुरक्षा वाले पद पर बैठे व्यक्ति की जरूरतों को ध्यान में रखकर खास तौर पर तैयार किया गया है, इसका नाम है RAX Phone.
आखिर क्या है RAX Phone?
RAX का मतलब है “Restricted Area Exchange”, यह कोई आम स्मार्टफोन नहीं है, बल्कि एक ऐसा संचार उपकरण है जो बेहद संवेदनशील और गोपनीय जानकारी को सुरक्षित रखने के लिए डिजाइन किया गया है. इस फोन को C-DoT (Centre for Development of Telematics) द्वारा तैयार किया गया है, जो भारत सरकार की एक संस्था है.
यह फोन खासतौर पर प्रधानमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों और उच्च सरकारी अधिकारियों के लिए बनाया गया है, ताकि देश की सुरक्षा से जुड़ी बातचीत पूरी तरह एन्क्रिप्टेड और ट्रैकिंग से मुक्त रहे.
RAX Phone की खास खूबियाँ
फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन
इस फोन को इस्तेमाल करने के लिए फिंगरप्रिंट की जरूरत होती है. यानी केवल वही व्यक्ति जिसे अनुमति है, वह इस डिवाइस को चला सकता है. इससे अनधिकृत एक्सेस की कोई संभावना नहीं रहती.
लाइव पिक्चर वेरिफिकेशन
कॉल करने या रिसीव करने के दौरान, कॉलर की लाइव तस्वीर दिखाई जाती है. यह फीचर संदेहास्पद गतिविधियों को रोकने में मदद करता है और सुनिश्चित करता है कि सामने वाला व्यक्ति वही है जो कह रहा है.
हैंडसेट-स्टेज एन्क्रिप्शन
इस फोन की सबसे मजबूत बात यह है कि बातचीत को उसी वक्त एन्क्रिप्ट कर दिया जाता है जब वह हैंडसेट से शुरू होती है. इसका मतलब है कि कॉल को बीच में इंटरसेप्ट या टैप करना लगभग नामुमकिन है.
मिलिट्री ग्रेड सिक्योरिटी
यह डिवाइस मिलिट्री फ्रीक्वेंसी बैंड्स पर काम करता है और इसमें तीन लेयर की सिक्योरिटी होती है, जो इसे दुनिया के सबसे सुरक्षित फोन में से एक बनाती है.
सरकारी निगरानी
इस फोन की सुरक्षा की निगरानी भारत की दो प्रमुख एजेंसियां, NTRO (National Technical Research Organisation) और DEITY (Department of Electronics and Information Technology) करती हैं.
क्या आप RAX Phone खरीद सकते हैं?
नहीं. यह फोन आम नागरिकों के लिए उपलब्ध नहीं है और इसकी कीमत भी सार्वजनिक नहीं की जाती. इसे सिर्फ उन्हीं अधिकारियों को दिया जाता है जिनके पद और कामकाज में बेहद गोपनीयता जरूरी होती है.
यह भी पढ़ें- एक गलती और लग सकती है पाकिस्तान को करोड़ों की चपत! होगा इतना नुकसान