Monsoon Update: भारत में कब दस्तक देगा मॉनसून? इस बार समय से पहले होगी बारिश, गर्मी से मिलेगी राहत

देशभर में भीषण गर्मी के बीच मॉनसून को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य समय से पहले भारत में प्रवेश कर सकता है.

When will monsoon hit India This time it will rain before time
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Monsoon 2026: देशभर में भीषण गर्मी के बीच मॉनसून को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य समय से पहले भारत में प्रवेश कर सकता है.

यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम रेंज वेदर फोरकास्ट्स के ताजा अनुमान के मुताबिक, मॉनसून 15 से 25 मई के बीच अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तक पहुंच सकता है. इसके बाद 25 मई के आसपास केरल में इसकी एंट्री होने की संभावना जताई गई है.

जल्दी मॉनसून आने की क्या है वजह?

वैज्ञानिकों का मानना है कि इस बार मॉनसून के समय से पहले पहुंचने के पीछे अनुकूल समुद्री परिस्थितियां अहम भूमिका निभा रही हैं.

अल नीनो की स्थिति बनने की संभावना फिलहाल बेहद कम है, जो आमतौर पर मॉनसून को कमजोर करती है. इसके अलावा पॉजिटिव इंडियन ओशन डाइपोल की स्थिति भी बारिश को बढ़ावा दे सकती है.

यूरोपीय एजेंसी के मुताबिक, मई के अंत तक दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अच्छी बारिश शुरू हो सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं.

देशभर में लू का कहर जारी

इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया है.

उत्तर-पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत के कई इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. कई राज्यों में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है.

श्री गंगानगर में तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस समय देश के सबसे गर्म स्थानों में से एक रहा. कई जगहों पर तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री तक अधिक रिकॉर्ड किया गया है.

उत्तर भारत में लू का अलर्ट

IMD के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लू चलने की संभावना है.

मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में रात के समय भी गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है.

तटीय इलाकों में उमस बढ़ेगी

वहीं ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे तटीय राज्यों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 27 अप्रैल तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, जबकि इसके बाद हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है. मध्य भारत में पहले तापमान बढ़ेगा और फिर धीरे-धीरे कम होने के संकेत हैं.

गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां

भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

  • दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचें
  • शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए पर्याप्त पानी पिएं
  • हल्के और ढीले कपड़े पहनें
  • ज्यादा मेहनत वाले कामों से परहेज करें
  • बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें

मौसम के इस बदलते रुख के बीच जहां एक ओर लू लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर समय से पहले मॉनसून की संभावना आने वाले दिनों में बड़ी राहत लेकर आ सकती है.

ये भी पढ़ें- NSG-SPG से कितनी अलग है ट्रंप की सुरक्षा करने वाली सीक्रेट सर्विस, कैसी होती है इनकी ट्रेनिंग?